जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत बिंजली जलाशय का निरीक्षण’

जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत बिंजली जलाशय का निरीक्षण’
’जल स्रोत, नहर प्रणाली एवं जल वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, किसानों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा’
नारायणपुर, 29 सितम्बर 2026 // जल जन सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जल संसाधन संभाग नारायणपुर द्वारा ग्राम पंचायत खैराभाट स्थित बिंजली जलाशय में जल स्रोतों की जांच एवं सुधार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्री राकेश दुग्गा, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बिंजली जलाशय से लाभान्वित किसान शामिल हुए। इस दौरान जलाशय का निरीक्षण करने के साथ ही साफ-सफाई कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधि एवं किसानों ने संयुक्त रूप से बिंजली जलाशय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जलाशय, नहर प्रणाली एवं जल वितरण व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का स्थल पर अवलोकन किया गया। साथ ही जलाशय से जुड़ी पायी गई कमियों और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यों पर चर्चा की गई। किसानों ने सिंचाई एवं जल उपलब्धता से संबंधित अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को सिंचाई जल का अनुकूलतम एवं मितव्ययी उपयोग करने, फसल की आवश्यकता के अनुसार सिंचाई करने तथा उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई। किसानों को जल का समुचित उपयोग करते हुए कृषि उत्पादन एवं फसल उत्पादकता बढ़ाने के लिए उपयुक्त फसल चयन, समयबद्ध सिंचाई और जल संरक्षण से संबंधित आवश्यक सुझाव भी दिए गए। कार्यक्रम के माध्यम से जलाशय एवं इससे जुड़ी सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ किसानों की समस्याओं का निराकरण तथा उपलब्ध जल संसाधनों का प्रभावी एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।



