सेवा संकल्प अभियान के तहत रेमावंड में खाद्य विभाग का शिविर आयोजित’

सेवा संकल्प अभियान के तहत रेमावंड में खाद्य विभाग का शिविर आयोजित’
’1316 सदस्यों की आधार सीडिंग और 1036 हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण, सितंबर माह में 87 प्रतिशत खाद्यान्न वितरित’
नारायणपुर, 29 सितंबर 2026 // राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत रेमावंड में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और राशनकार्ड से संबंधित सेवाओं एवं प्रक्रियाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। खाद्य विभाग द्वारा शिविर में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिलने वाले निःशुल्क खाद्यान्न वितरण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सेवा सेतु पोर्टल और सीजी स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया गया। राशनकार्ड बनाने, परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने एवं हटाने तथा राशनकार्ड स्थानांतरण की नवीन प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत रेमावंड में वर्तमान में कुल 266 राशनकार्ड जारी हैं, जिनमें 1,338 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से 1,316 सदस्यों की आधार सीडिंग पूरी की जा चुकी है। वहीं 1,036 हितग्राहियों का ई-केवाईसी भी पूर्ण हो चुका है। शेष हितग्राहियों की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए विभाग द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। ग्राम पंचायत में सितंबर माह के लिए निर्धारित खाद्यान्न में से अब तक 87 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है तथा शेष वितरण कार्य जारी है। शिविर के दौरान ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर सीडिंग और आधार नंबर सीडिंग से संबंधित आवश्यक कार्य भी किए गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई गईं। इससे ग्रामीणों को राशनकार्ड एवं खाद्यान्न वितरण से संबंधित कार्यों और डिजिटल प्रक्रियाओं को समझने तथा आवश्यक कार्य पूर्ण कराने में सुविधा मिली।




