आंतरिक अंकेक्षण करने वाले एजेंसी का अनुबंध समाप्त,

नस्तियों का ऑडिट सेल के कर्मचारी करेंगे प्री ऑडिट
भिलाई / नगर पालिक निगम आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने आंतरिक अंकेक्षण करने वाले मेसर्स पोद्दार एंड कंपनी के अनुबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है । आयुक्त ने शासन के आदेश के मुताबिक निगम की नस्तियो में प्री ऑडिट की व्यवस्था किया है । नवीन एजेंसी के चयन होने तक निगम के कर्मचारियों को नस्तियों का प्री ऑडिट करने के निर्देश दिए हैं।
निगम आयुक्त रघुवंशी ने वर्तमान एजेंसी की कार्य समाप्ति एवं नवीन एजेंसी के चयन तक समस्त नस्तियों में प्री ऑडिट की बाध्यता की वजह से लोकहित के कार्य का भुगतान के अभाव में प्रभावित न हो । इसके लिए चार सदस्यीय प्री ऑडिट सेल का गठन किया है । सहायक अधीक्षक श्रीमती तुलसी वृंदा देवांगन, सहायक ग्रेड-2 श्री आरके सोनी, स्वच्छता पर्यवेक्षक महेश पांडेय और कट्टा नारायण को आंतरिक अंकेक्षण से संबंधित कार्यो की जिम्मेदारी दी है। आयुक्त ने ऑडिट सेल को शासन द्वारा नवीन नियुक्त प्री-ऑडिट एजेंसी की नियुक्ति के पश्चात समस्त नस्तियों का पोस्ट ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए हैं ।
शासन ने इस वजह से समाप्त किया अनुबंध
शासन के आदेशानुसार राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अभियंता ने कोरोना के संक्रमण और लाकडाउन की वजह से निविदा की प्रक्रिया में हो रहे विलंब की वजह से वर्तमान में प्रचलित आंतरिक अंकेक्षण कार्य अंतर्गत कार्यरत एजेंसियों के अनुबंध को समाप्त किया है। नगरीय निकायों को कार्य समाप्त एवं नवीन एजेंसी के चयन की प्रक्रिया तक समस्त स्थानीय स्तर पर नस्तियों में प्री ऑडिट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसी आदेश के तारतम्य में निगम आयुक्त ने ऑडिट सेल का गठन किया है। भिलाई निगम की नस्तियों का आंतरिक अंकेक्षण मेसर्स पोद्दार एंड कंपनी कर रही थी। इसकी अनुबंध की अवधि पूर्ण होने पर शासन ने अनुबंध की अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया था जिसे कोरोना के संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से शासन ने एजेंसियों के अनुबंध को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है।




