सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित“सेवा के रंग-राष्ट्र के संग” थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
“सेवा के रंग-राष्ट्र के संग” थीम पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
नारायणपुर, 28 सितंबर 2026// छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में सोमवार को जिला स्तरीय महाविद्यालयीन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम “सेवा के रंग-राष्ट्र के संग” रखी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं जनमानस में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय परंपराओं तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति जागरूकता और रुचि विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जनभागीदारी अध्यक्ष श्री नरेंद्र मेश्राम तथा प्राचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. एस. आर. कुंजाम के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम सहायक समन्वयक श्री आर. के. यादव ने किया। प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का अतिथियों द्वारा अवलोकन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों को रंगोली के माध्यम से रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। रंगोलियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं, शासकीय योजनाओं, कला, राष्ट्रीय एकता, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया। रंगोली निर्माण में स्थानीय एवं प्राकृतिक सामग्रियों के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गयज्ञं प्रस्तुत कलाकृतियों का मूल्यांकन निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया गया। इसमें रचनात्मकता, विषयवस्तु, प्रस्तुति, कलात्मकता तथा प्राकृतिक सामग्री के उपयोग को आधार बनाया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की सुनीता नुरेटी एवं उनकी साथी, शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से कपूरचंद एवं साथी, रामकृष्ण मिशन विवेकानंद महाविद्यालय, नारायणपुर तथा प्रमोद कुमार नाग एवं साथी, शासकीय नवीन महाविद्यालय छोटेडोंगर, नारायणपुर ने प्राप्त किया। वहीं तृतीय स्थान संयुक्त रूप से भूमिका सोरी एवं साथी, शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर तथा वीना मातलाम एवं साथी, वीरांगना रामोतीन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर ने हासिल किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा राष्ट्र की “विविधता में एकता” की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।


