छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ’

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ’

’बांग्लापारा आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का परिचय, गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित’

नारायणपुर, 28 सितंबर 2026// सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिले में यह कार्यक्रम 28 सितंबर से प्रारंभ हो चुका है। इसी कड़ी में सोमवार को नगर पालिका क्षेत्र के बांग्लापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

आंगन मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़कर बच्चों, गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं उनके परिवारों को विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा मातृ एवं शिशु देखभाल के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

बांग्लापारा आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले पौष्टिक आहार एवं पोषण संबंधी संदेशों को रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। रंगोली के जरिए बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार देने के महत्व को सहज और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया और उनका परिचय पूछा। बच्चों से बातचीत कर उनकी रुचियों और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान बच्चों के साथ सहज एवं अपनत्वपूर्ण वातावरण तैयार किया गया। आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और उनके अभिभावकों को यह संदेश दिया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण वितरण का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई तथा शिशुओं के लिए अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में महिलाओं और परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोद भराई कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं अन्नप्राशन के दौरान शिशुओं के पूरक आहार की शुरुआत तथा बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के नियमित पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के लिए उपलब्ध सेवाओं के बारे में बताया। साथ ही अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागी बनने की अपील की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीना नाग, पार्षद कीर्ति पोटाई सहित विभिन्न संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम में सामुदायिक सहभागिता का वातावरण बना। उपस्थित महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों को नजदीक से देखा और बच्चों एवं माताओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं महिलाओं ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास में परिवार के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। समुदाय की सहभागिता से इन केंद्रों की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे आंगन मिलन कार्यक्रमों से विभागीय सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े विषयों को सरल तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, अभिभावकों और समुदाय के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button