छत्तीसगढ़

जिलेभर के ग्राम पंचायतों में हजारों नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक दी परीक्षा, जिला जेल एवं पुनर्वास केंद्र गरांजी में भी हुआ विशेष आयोजन

नारायणपुर जिले में उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुई उल्लास महापरीक्षा

जिलेभर के ग्राम पंचायतों में हजारों नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक दी परीक्षा, जिला जेल एवं पुनर्वास केंद्र गरांजी में भी हुआ विशेष आयोजन

नारायणपुर, 28  सितंबर 2026// राज्यव्यापी उल्लास महापरीक्षा का आयोजन रविवार, 27 सितंबर 2026 को नारायणपुर जिले में भी उत्साह एवं उल्लासमय वातावरण में किया गया। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नवसाक्षरों ने परीक्षा में भाग लेकर अपने सीखने और साक्षरता के ज्ञान का प्रदर्शन किया। महापरीक्षा को लेकर जिलेभर में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षर निर्धारित समय पर पहुंचकर परीक्षा में शामिल हुए। केंद्रों पर परीक्षा की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा संबंधित अधिकारियों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा परीक्षार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

जिला जेल में 11 बंदियों ने दी परीक्षा

उल्लास महापरीक्षा के अंतर्गत जिला जेल नारायणपुर में भी विशेष परीक्षा केंद्र बनाया गया। यहां 11 निरक्षर बंदियों ने उत्साहपूर्वक उल्लास महापरीक्षा में भाग लिया। साक्षरता की ओर बढ़ते कदम के रूप में बंदियों की इस सहभागिता को परीक्षा आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया।

पुनर्वास केंद्र गरांजी में 17 आत्मसमर्पित व्यक्तियों ने दी परीक्षा

जिले के पुनर्वास केंद्र गरांजी में भी उल्लास महापरीक्षा का आयोजन किया गया। यहां 17 आत्मसमर्पित व्यक्तियों ने परीक्षा में भाग लिया। साक्षरता अभियान से जुड़कर उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और आगे बढ़ने की दिशा में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

हजारों नवसाक्षरों ने लिया परीक्षा में हिस्सा

जिले की भौगोलिक एवं विषम परिस्थितियों के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों से हजारों नवसाक्षरों ने उल्लास महापरीक्षा में सहभागिता की। परीक्षा केंद्रों में लोगों में सीखने और आगे बढ़ने का उत्साह दिखाई दिया। नवसाक्षरों ने परीक्षा देकर अपने अर्जित ज्ञान का मूल्यांकन किया तथा निरंतर सीखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

जनप्रतिनिधियों ने परीक्षा केंद्रों का किया अवलोकन

महापरीक्षा के दौरान जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का अवलोकन भी किया गया। जनप्रतिनिधियों ने नवसाक्षरों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें नियमित रूप से अध्ययन जारी रखते हुए शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

साक्षरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

नारायणपुर जिले में आयोजित उल्लास महापरीक्षा ने यह संदेश दिया कि शिक्षा और साक्षरता के लिए उम्र, परिस्थिति अथवा क्षेत्र कोई बाधा नहीं है। ग्राम पंचायतों से लेकर जिला जेल और पुनर्वास केंद्र तक विभिन्न वर्गों की सहभागिता ने अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। उल्लास महापरीक्षा के सफल आयोजन से जिले में नवसाक्षरों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा सतत सीखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button