प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची पर दावा-आपत्ति 28 सितंबर से 5 अक्टूबर तक’

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची पर दावा-आपत्ति 28 सितंबर से 5 अक्टूबर तक’
नारायणपुर, 28 सितंबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के माध्यम से जिले में छूटे हुए पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कार्य किया गया है। सर्वेक्षण के उपरांत चेकर्स द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कर आवास सॉफ्ट पोर्टल पात्रता सूची में दर्ज परिवारों की जानकारी के आधार पर 24 जून 2026 को आयोजित ग्राम सभा के अनुमोदन एवं तथ्य अद्यतन के पश्चात संबंधित डाटा जनपद पंचायत के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) विकास भवन, प्रथम तल, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सूची में दर्ज परिवारों की जानकारी का स्थायी प्रतीक्षा सूची निर्धारण से पूर्व अंतिम अर्हतीकरण एवं प्राथमिकता क्रम में संशोधन किए जाने से पहले दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है। उक्त पात्रता सूची को जनपद पंचायत नारायणपुर एवं जिले की संबंधित ग्राम पंचायतों में चस्पा किया जा रहा है, जिसका अवलोकन आम नागरिक एवं हितग्राही कर सकते हैं।
सूची में दर्ज ऐसे हितग्राही अथवा परिवार जिन्हें सूची में किसी प्रकार की आपत्ति या दावा प्रस्तुत करना है, वे 28 सितंबर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक कार्यालयीन समय में शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जनपद पंचायत नारायणपुर कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन कर अपने नाम एवं पात्रता संबंधी जानकारी का परीक्षण करें तथा किसी प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें।



