विधायक के ख़िलाफ़ खाद,बिजली,सड़क और पेयजल सहित जनसमस्याओं को लेकर फूटा जनाक्रोश,किसानों-युवाओं और आम जनता की आवाज बना कुंडा का आंदोलन

विधायक के ख़िलाफ़ खाद,बिजली,सड़क और पेयजल सहित जनसमस्याओं को लेकर फूटा जनाक्रोश,किसानों-युवाओं और आम जनता की आवाज बना कुंडा का आंदोलन
कुंडा, कबीरधाम |
जिला युवा कांग्रेस कबीरधाम के नेतृत्व में कुंडा बस स्टैंड में आयोजित “बिजली दो, न्याय दो” एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन एवं जनआंदोलन में क्षेत्र की जनता का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। किसानों, युवाओं, महिलाओं, छात्रों एवं आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी के साथ आयोजित इस आंदोलन ने बिजली संकट सहित क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
धरना-प्रदर्शन में वक्ताओं ने स्मार्ट मीटर, बढ़ते बिजली बिल, अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज तथा किसानों के खेतों में प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक होने वाली विद्युत कटौती को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही खाद-बीज की कमी, जर्जर सड़कें, तहसील में लंबित राजस्व प्रकरण, राशन वितरण में अनियमितता, बंद नल-जल योजनाएं, पेयजल संकट, बढ़ती महंगाई एवं अन्य जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात विशाल जनआक्रोश रैली नारेबाजी करते हुए कुंडा तहसील एवं बिजली विभाग कार्यालय के घेराव के लिए रवाना हुई। आंदोलन को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा दो स्थानों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पहले बैरिकेड पर प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, जहां पुलिस एवं आंदोलनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। दूसरे बैरिकेड पर रैली को रोक दिए जाने के बाद आंदोलनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और “बिजली दो, न्याय दो” के नारों के साथ घंटों तक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करते रहे।
इसके पश्चात प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बिजली संकट का स्थायी समाधान, स्मार्ट मीटर पर रोक, बिजली बिलों में राहत, अघोषित बिजली कटौती समाप्त करने, किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, जर्जर सड़कों का निर्माण, लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, राशन एवं पेयजल व्यवस्था में सुधार सहित क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलनकारी कुंडा बस स्टैंड पहुंचे, जहां स्थानीय विधायक भावना बोहरा का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे आम जनता, किसान और युवा परेशान हैं।
आंदोलन के समापन पर जिला युवा कांग्रेस ने कहा कि यदि जनता की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में इससे भी व्यापक लोकतांत्रिक जनआंदोलन किया जाएगा।
इस विशाल जनआंदोलन में जिला युवा कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, इंटक कांग्रेस, एसटी, ओबीसी एवं मजदूर कांग्रेस सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल एवं सेक्टर पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता, वरिष्ठ कांग्रेसजन तथा हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



