कवर्धाछत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ₹1.30 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र से खुला पूरा खेल

फर्जी नियुक्ति पत्र और विभागीय सील से रची ठगी की साजिश, आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

नौकरी के नाम पर ₹1.30 लाख की ठगी: फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर भेजने वाला आरोपी गिरफ्तार

उप संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के नाम से बनाया फर्जी नियुक्ति पत्र, विभागीय सील का भी किया दुरुपयोग

कबीरधाम। नौकरी लगाने का झांसा देकर युवक से ₹1.30 लाख की ठगी करने और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने वाले आरोपी को चौकी पोड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने उप संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, रायपुर के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभागीय सील का भी दुरुपयोग किया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में जिले में धोखाधड़ी, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक के दिशा-निर्देशन में चौकी पोड़ी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

 

फुटबॉल कोच बनकर युवक को नौकरी का दिया झांसा

 

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी जुगेश्वर साहू, निवासी राम्हेपुर खुर्द, चौकी पोड़ी, थाना बोड़ला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 01 नवंबर 2025 से 30 जून 2026 के बीच आरोपी कलिन्दर मिंज (32 वर्ष), निवासी रूपडेगा तालाब के पास, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ ने उसे नौकरी लगाने का झांसा दिया और इसके एवज में ₹1.30 लाख ले लिए।

 

जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को फुटबॉल कोच बताकर विभिन्न स्थानों पर खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में लेकर जाता था। इसी दौरान उसकी पहचान जुगेश्वर साहू से हुई। आरोपी ने उसे खेल प्रशिक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और रकम प्राप्त कर ली।

 

लैपटॉप से तैयार किया फर्जी नियुक्ति पत्र

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रकम लेने के बाद उसने अपने लैपटॉप से उप संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़, रायपुर के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार किया। इसके बाद रायगढ़ की एक दुकान से सील तैयार करवाकर उसे फर्जी दस्तावेज पर लगाया और मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर प्रार्थी को भेज दिया।

अपराध की जानकारी होने के बाद आरोपी ने खराब हो चुके लैपटॉप को कबाड़ में बेच दिया तथा फर्जी नियुक्ति पत्र, तैयार कराई गई सील और मोबाइल को केलो नदी, रायगढ़ में फेंकने की बात पुलिस को बताई। ठगी की रकम को अपने व्यक्तिगत खर्च में उपयोग करना भी आरोपी ने स्वीकार किया।

 

दस्तावेज बरामद, न्यायिक रिमांड पर भेजा

विवेचना के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने प्रार्थी की मार्कशीट, रोजगार पंजीयन, जाति प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रतियां बरामद कर विधिवत जब्त की हैं।

 

पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद आरोपी कलिन्दर मिंज को 24 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध थाना बोड़ला में धारा 336(3), 319(2), 340(1), 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 

पुलिस ने बताया कि मामले में विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

चौकी पोड़ी पुलिस की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में चौकी पोड़ी प्रभारी निरीक्षक श्री राकेश कुमार एवं चौकी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button