नगर पालिका, जनपद पंचायत, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी और मनरेगा शाखा का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने पंडरिया में विकास कार्यों और योजनाओं की जमीनी स्थिति का लिया जायज
नगर पालिका, जनपद पंचायत, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी और मनरेगा शाखा का किया निरीक्षण
हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कवर्धा, सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने पंडरिया में विभिन्न शासकीय कार्यालयों और विकास कार्यों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। उन्होंने पेंशन से वंचित हितग्राहियों के आधार लिंक कर तत्काल लाभ दिलाने तथा सामान्य सभा की बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पंडरिया जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी साहू सहित अधिकारी उपस्थित थे ।
कलेक्टर ने इस दौरान पंडरिया नगर पालिका कार्यालय, मिनी स्टेडियम, महिला चौपाटी, जनपद पंचायत कार्यालय एवं मनरेगा शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की प्रगति और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पंडरिया एसडीएम श्री संदीप ठाकुर, तहसीलदार, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका में योजनाओं की ली जानकारी, नागरिकों की सुनी समस्याएं
कलेक्टर ने नगर पालिका कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की जानकारी लेते हुए प्रधानमंत्री स्वनिधि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय पहुंचे नागरिकों से आवेदन एवं समस्याएं सुनीं। वार्ड क्रमांक-2 के पट्टा संबंधी आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश सीएमओ को दिए।
मिनी स्टेडियम में गुणवत्ता पर दिया जोर
कलेक्टर ने लगभग 1 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन मिनी स्टेडियम का निरीक्षण कर क्रिकेट मैदान, नाली, फेसिंग, पेवेलियन, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र के पास जलभराव की स्थिति पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने लगभग 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित महिला चौपाटी का भी निरीक्षण किया।
पेंशन प्रकरणों की समीक्षा, आधार लिंक कर तत्काल लाभ देने के निर्देश
जनपद पंचायत कार्यालय में कलेक्टर ने 143 ग्राम पंचायतों, सचिवों एवं करारोपण अधिकारियों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधे चर्चा की। आधार लिंक नहीं होने के कारण पेंशन से वंचित हितग्राही का आधार लिंक कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में योजनाओं की जानकारी बैनर एवं सूचना पट के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।
सामान्य सभा की बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान सामान्य सभा की बैठकों में अधिकारियों की अनुपस्थिति की शिकायत भी कलेक्टर के समक्ष सामने आई। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सामान्य सभा की बैठक में संबंधित सभी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा शाखा का निरीक्षण कर कार्यों की ली जानकारी
कलेक्टर ने जनपद पंचायत की मनरेगा शाखा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित कार्यों, प्रगति तथा रोजगार उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा के कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पात्र ग्रामीणों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें।



