केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों से मुँगेली जिले को SECL CSR से ₹74.43 लाख की बड़ी सौगात

केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों से मुँगेली जिले को SECL CSR से ₹74.43 लाख की बड़ी सौगात
भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट बिलासपुर/मुँगेली, 11 जुलाई। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू के सतत प्रयासों से मुँगेली जिले को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के अंतर्गत ₹74.43 लाख की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस राशि से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनहित से जुड़े चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में लोरमी में राजपूत भवन के पास सांस्कृतिक मंच शेड निर्माण हेतु ₹17.77 लाख, मदकु द्वीप में पर्यटक विश्राम गृह निर्माण हेतु ₹18.33 लाख, सेतगंगा में किसानों के लिए विश्राम कक्ष निर्माण हेतु ₹20.00 लाख तथा सरगांव में किसानों के लिए विश्राम कक्ष निर्माण हेतु ₹18.33 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कार्यों का क्रियान्वयन जिला प्रशासन, मुँगेली द्वारा किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुँगेली जिले के लिए SECL की CSR मद से अब तक ₹74.43 लाख की यह सबसे बड़ी एकमुश्त स्वीकृत राशि है। इससे जिले में सांस्कृतिक, पर्यटन एवं किसान हित से जुड़े आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि मुँगेली जिले के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों, किसानों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा जिले के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।



