संगम स्वीट्स में खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई की ट्रे में मिले चूहों के पैरों के निशान; कई ट्रे मिठाई कराई गई नष्ट

भिलाई। शहर के स्मृति नगर क्षेत्र में संचालित संगम स्वीट्स में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छापामार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मिठाई निर्माण और भंडारण में साफ-सफाई की गंभीर लापरवाही सामने आई। यहां मिठाइयों का निर्माण कथित तौर पर अनहाइजेनिक परिस्थितियों में किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम को मिठाई की ट्रे में चूहों के पैरों के निशान दिखाई दिए। इतना ही नहीं, ट्रे में रखी मिठाइयों को चूहों द्वारा खाते हुए भी देखा गया। इस स्थिति ने खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
मौके पर मिली इन अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की और कई ट्रे मिठाइयों को नष्ट कराया। इस कार्रवाई के बाद मिठाई दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और विभागीय निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री में स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य है। ऐसे में मिठाई जैसी खाद्य सामग्री में चूहों की मौजूदगी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। अब देखना होगा कि खाद्य विभाग इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

