ग्राम अंजरेल में दो नलकूपों का खनन एवं हैंडपंप स्थापना कार्य पूर्ण, ग्रामीणों को मिलने लगा स्वच्छ पेयजल*

ग्राम अंजरेल में दो नलकूपों का खनन एवं हैंडपंप स्थापना कार्य पूर्ण, ग्रामीणों को मिलने लगा स्वच्छ पेयजल*
अक्टूबर 2026 // जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वच्छ एवं नियमित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम अंजरेल में ग्रामीणों की पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए दो नग नलकूपों का खनन कर दोनों स्थानों पर हैंडपंप की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। दोनों हैंडपंपों से जलापूर्ति प्रारंभ हो गई है, जिससे ग्रामीणों को गांव में ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने लगी है। इस पहल से ग्रामीणों को लंबे समय से हो रही पानी की समस्या से राहत मिली है।
कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में लोक स्वास्थ्य यंत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम अंजरेल में हैंडपंपों के चालू होने से ग्रामीण परिवारों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को पेयजल की व्यवस्था करने में अब अधिक सुविधा मिल रही है। गांव में ही पेयजल स्रोत उपलब्ध होने से ग्रामीणों को पानी के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिली है। इससे उनके समय एवं श्रम की बचत होने के साथ दैनिक जीवन भी अधिक सुविधाजनक हुआ है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव एवं ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल की सुविधा पहुंचाना है। इसी दिशा में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नलकूप खनन, हैंडपंप स्थापना एवं पेयजल सुविधाओं के विस्तार के कार्य किए जा रहे हैं। विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने गांव में ही आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके।




