साइबर सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी। आम नागरिकों से अपील की किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। सीपत, बिलासपुर साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप पर आईजी श्री रामगोपाल गर्ग का महत्वपूर्ण उद्बोधन, NTPC सीपत के ‘कला निकेतन’ में आयोजित हुआ भव्य साइबर जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

बिलासपुर पुलिस — साइबर सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी। आम नागरिकों से अपील की किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। सीपत, बिलासपुर साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप पर आईजी श्री रामगोपाल गर्ग का महत्वपूर्ण उद्बोधन, NTPC सीपत के ‘कला निकेतन’ में आयोजित हुआ भव्य साइबर जागरूकता कार्यक्रम, डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
बिलासपुर। तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों और आम नागरिकों को इनसे सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के नेतृत्व में साइबर जागरूकता की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 18 नवंबर 2026 को एनटीपीसी सीपत स्थित ‘कला निकेतन’ सभागार में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने सारगर्भित एवं प्रभावशाली उद्बोधन के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया।
आईजी श्री गर्ग ने कहा कि आज डिजिटल तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया एवं डिजिटल लेन-देन ने जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। साइबर अपराधी लोगों के भय, लालच और विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक एवं सतर्क होना आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी के संबंध में बताया कि पुलिस अथवा किसी जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अनजान कॉल पर भयभीत होकर पैसे ट्रांसफर नहीं करने की अपील की।
साइबर ठगी के नए तरीकों से किया आगाह
अपने उद्बोधन में आईजी श्री गर्ग ने प्रमुख साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से जागरूक किया
- डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड: पुलिस, सीबीआई एवं अन्य जांच एजेंसियों के नाम पर वीडियो कॉल के माध्यम से डराकर की जाने वाली ठगी।
- म्यूल अकाउंट: बैंक खातों का लालच देकर साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में उपयोग करना तथा इसके कानूनी दुष्परिणाम।
- इम्पर्सोनेशन फ्रॉड: परिचितों, अधिकारियों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैसे मांगना।
- APK फ्रॉड: अनजान लिंक एवं संदिग्ध APK फाइल के माध्यम से मोबाइल और निजी जानकारी तक पहुंच बनाने वाले साइबर अपराध।
- ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर की जाने वाली ऑनलाइन ठगी।
- सेक्सटॉर्शन: फर्जी वीडियो कॉल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल करने के तरीके।
इसके साथ ही साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के निराकरण एवं त्वरित कार्रवाई से संबंधित MRM एवं GRM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।
एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने बताए साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय : कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी होने पर शुरुआती समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए बिना विलंब किए शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है।
इस अवसर पर एनटीपीसी के श्री विजय शंकर दुबे (चीफ जनरल मैनेजर /हेड ऑफ़ प्रोजेक्ट ) विशेष रूप से उपस्थित रहे एवम् अन्य अधिकारी-कर्मचारी एनटीपीसी, वरिष्ठ नागरिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारी एवं जवान तथा स्कूली विद्यार्थियों ने सहभागिता की और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें संपर्क : बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।
भारतीय स्टेट बैंक सीपत शाखा की शाखा प्रबंधक के द्वारा भी बैंक से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई जिसे साइबर से संबंधित होने वाले फ्रॉड से सतर्क और सुरक्षित रहनेके बारे में विस्तार से बताया गया l
कार्यक्रम के अंत में एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा बिलासपुर पुलिस की इस जन-जागरूकता पहल की सराहना करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी जागरूकता के विस्तार तथा सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए निरंतर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बिलासपुर पुलिस — साइबर सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी।



