छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त हो रहा ओबीसी समाज, संगठन की मजबूती हमारा सामूहिक संकल्प : केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त हो रहा ओबीसी समाज, संगठन की मजबूती हमारा सामूहिक संकल्प : केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू

रायपुर। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमरपाल मौर्य एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में श्री तोखन साहू ने ओबीसी समाज की एकजुटता, सामाजिक सशक्तीकरण और संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ओबीसी समाज को देश के सर्वोच्च नेतृत्व में प्रतिनिधित्व के साथ सम्मान, अधिकार और आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा, नीट की अखिल भारतीय कोटा सीटों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण तथा 105वें संविधान संशोधन के माध्यम से राज्यों को अपनी ओबीसी सूची तैयार करने का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण निर्णय सामाजिक न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग की लगभग 67 जातियाँ हैं। हमारी जातियों की पहचान और परंपराएँ भले अलग-अलग हों, लेकिन हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक मूल्य और सामूहिक हित एक हैं। हमें जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकजुटता को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाना होगा। संगठन की वास्तविक मजबूती समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय से ही सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और राष्ट्र निर्माण में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। ओबीसी मोर्चा को संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु बनकर कार्य करना चाहिए।
श्री साहू ने प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक साहू एवं उनकी पूरी टीम को प्रदेश के कोने-कोने में पहुँचकर ओबीसी समाज को जोड़ने, जागरूक करने और संगठन को मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निरंतर जनसंपर्क बनाए रखें, युवाओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों को संगठन से जोड़ें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
उन्होंने कहा कि सक्रिय कार्यकर्ता, निरंतर संवाद, जनसंपर्क और समाज के प्रति समर्पण ही संगठन की असली ताकत हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन, प्रदेश संगठन के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा सामाजिक सशक्तीकरण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति प्रदान करेगा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक श्री कोमल जंघेल, प्रदेश प्रभारी श्री लखन लाल साहू, प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश चंद्राकर, पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री भरत वर्मा सहित भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button