सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छोटेडोंगर में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत छोटेडोंगर में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित
एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं से 199 हितग्राही हुए लाभान्वित
अक्टूबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकटतम स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज छोटेडोंगर में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ ही प्रमाण-पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 47 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राशन कार्ड से संबंधित 39 प्रकरणों का निराकरण किया गया तथा 18 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग द्वारा फसल बीमा राशि से संबंधित 11 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा श्रम विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड प्रदान किए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 40 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से कुल 199 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पारंपरिक एवं गरिमापूर्ण तरीके से गोद भराई एवं अन्नप्राशन की रस्म भी आयोजित की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, माताओं एवं शिशुओं के परिजनों को विभागीय योजनाओं, पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक एक ही स्थान पर पहुंचाने की पहल की जा रही है। इससे पात्र हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल रहा है और उन्हें अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।




