जवाहर नवोदय विद्यालय में संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

राष्ट्रीय पोषण माह में 530 विद्यार्थियों ने लिया पोषण जागरूकता का संकल्प
जवाहर नवोदय विद्यालय में संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
कवर्धा, 19 सितंबर 2026। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, कबीरधाम में भारत सरकार के पोषण अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय पोषण माह उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री एन.के. लांजेवार, पीजीटी (जीव विज्ञान) श्री शुभम गर्ग एवं समस्त शिक्षकवृंद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 530 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा करते हुए भारत सरकार की ‘सुपोषित भारत’ की परिकल्पना पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह को जनभागीदारी से संचालित जन आंदोलन के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों में कुपोषण, एनीमिया और नाटेपन जैसी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विद्यार्थियों ने कहा कि बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और एकाग्रता के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने भोजन में मोटे अनाज, स्थानीय एवं मौसमी फल-सब्जियों को शामिल करने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने की आवश्यकता बताई।
पौष्टिक भोजन और स्वच्छता पर विशेष जोर
विद्यालय के केटरिंग असिस्टेंट श्री योगेश बैरागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेस में स्वच्छता के साथ ताजी सब्जियां, दालें एवं दूध उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि विद्यार्थियों को अध्ययन एवं खेलकूद के लिए पर्याप्त ऊर्जा मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन अपनाने के साथ अन्न का एक भी दाना व्यर्थ न करने का संकल्प दिलाया। आवासीय विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सुपोषित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।




