कंप्यूटर के माध्यम से आयोजित हुई भर्ती परीक्षा, परीक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*

कलेक्टर नम्रता जैन ने पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा का किया निरीक्षण*
*कंप्यूटर के माध्यम से आयोजित हुई भर्ती परीक्षा, परीक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*
*कन्या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संचालित विभिन्न ट्रेडों की गतिविधियों की भी ली जानकारी*
अक्टूबर 2026//* जिले में ग्राम पंचायतों के रिक्त सचिव पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के तहत आज कन्या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नारायणपुर में आयोजित भर्ती परीक्षा का कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र में पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा कंप्यूटर के माध्यम से आयोजित की गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्र में उपलब्ध कंप्यूटर व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से परीक्षा संचालन के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने कन्या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संचालित विभिन्न व्यावसायिक ट्रेडों की जानकारी भी प्राप्त की। संस्थान के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यहां स्टेनोग्राफर हिंदी, कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट), सिलाई सहित विभिन्न ट्रेडों का संचालन किया जा रहा है। इन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को रोजगारपरक कौशल विकसित करने का अवसर मिल रहा है।
कलेक्टर ने संस्थान में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं एवं संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी लेते हुए कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराना रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री महेंद्र सिदार, श्री पोलेश्वर साहू, उप संचालक पंचायत श्री यशपाल प्रेक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के स्टेनोग्राफर हिंदी प्रशिक्षक श्री रूप नारायण बघेल एवं अनुदेशक श्री अशोक कुमार डहरिया सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



