बालकनी को बनाएं फ्रूट गार्डन, जानें 7 ऐसे पौधे जो जल्दी देंगे फल, जानिए गार्डनिंग के आसान तरीके

आज के समय में हर किसी के पास बड़ा गार्डन नहीं होता है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि आप ताजे और पौष्टिक फलों का आनंद नहीं ले सकते. अगर आपकी बालकनी में अच्छी धूप आती है, तो आप वहां आसानी से मिनी फ्रूट गार्डन तैयार कर सकते हैं. सही जानकारी और थोड़ी देखभाल से छोटा सा स्पेस भी हरियाली और फलों से भर सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट चंद्रशेखर मिश्रा बताते हैं कि बालकनी गार्डनिंग आजकल तेजी से ट्रेंड में है. इससे न सिर्फ घर का माहौल हरा-भरा होता है, बल्कि आपको केमिकल-फ्री और ताजे फल भी मिलते हैं. सही पौधों का चयन, उचित गमले, समय पर पानी और ऑर्गेनिक खाद देने से पौधे जल्दी बढ़ते हैं और फल देना शुरू कर देते हैं.अगर आप भी अपनी बालकनी में फल उगाना चाहते हैं, तो कुछ ऐसे पौधे हैं जिन्हें आप बहुत आसानी से उगा सकते हैं. टमाटर बालकनी गार्डनिंग के लिए सबसे आसान और लोकप्रिय पौधा है. इसे 12 से 14 इंच के गमले में उगाया जा सकता है. इसे अच्छी धूप और नियमित पानी की जरूरत होती है. सहारा देने पर यह पौधा 60 से 80 दिनों में फल देना शुरू कर देता है. नींबू का ड्वार्फ पौधा भी बालकनी के लिए बेहतरीन विकल्प है. इसे 16 से 18 इंच के गमले में लगाया जा सकता है. नियमित खाद, धूप और समय-समय पर छंटाई से यह पौधा साल में कई बार फल देता है.ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर का इस्तेमाल
पपीते के ड्वार्फ पौधे अब गमलों के लिए भी उपलब्ध हैं. इसे 20 से 24 इंच के बड़े गमले में लगाएं और धूप में रखें. सही देखभाल के साथ यह 6 से 8 महीने में फल देना शुरू कर देता है. स्ट्रॉबेरी छोटे कंटेनर या हैंगिंग बास्केट में आसानी से उगाई जा सकती है. इसे कम से कम 6 घंटे की धूप और नियमित पानी की जरूरत होती है. ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर देने से यह मीठे और रसदार फल देती है. अमरूद का छोटा पौधा भी गमले में आसानी से उगाया जा सकता है. इसे धूप, पानी और ऑर्गेनिक खाद की जरूरत होती है और यह सालभर में फल देना शुरू कर देता है. केले की ड्वार्फ वैरायटी भी अब बालकनी के लिए उपलब्ध है. इसे बड़े कंटेनर में लगाकर पर्याप्त धूप और नमी दी जाए, तो यह पौधा घर पर ही फल देने लगता है. बालकनी में मिनी फ्रूट गार्डन तैयार करना न सिर्फ जगह का सही उपयोग है, बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है. घर पर उगाए गए फल ताजे, सुरक्षित और पौष्टिक होते हैं. थोड़ी मेहनत और सही जानकारी के साथ आप अपनी बालकनी को एक खूबसूरत और उपयोगी गार्डन में बदल सकते हैं



