छत्तीसगढ़

केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बार्सिलोना में बार्सिलोना स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी-2026 में इंडिया पवेलियन का किया उद्घाटन, भारत ने सतत, स्मार्ट एवं समावेशी शहरों के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और शहरी परिवर्तन की यात्रा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया

*केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बार्सिलोना में बार्सिलोना स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी-2026 में इंडिया पवेलियन का किया उद्घाटन, भारत ने सतत, स्मार्ट एवं समावेशी शहरों के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और शहरी परिवर्तन की यात्रा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया

बार्सिलोना, 03 नवंबर 2026
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी (SCEWC)-2026 में इंडिया पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की शहरी विकास यात्रा, नवाचार आधारित पहलों और सतत, समावेशी एवं भविष्य के लिए तैयार शहरों के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत का शहरी विकास परिवर्तन वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित कर रहा है। आधुनिकता, नवाचार, तकनीकी सशक्तीकरण और सतत विकास को केंद्र में रखकर देश तेजी से विकसित भारत 2047 के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

श्री साहू ने कहा कि भारत में शहरीकरण को विकास के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि शहरों का विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता, आधुनिक सार्वजनिक सेवाएं, सुगम परिवहन, स्वच्छ पर्यावरण और प्रभावी शहरी प्रशासन भी उपलब्ध हो।

फिरा डी बार्सिलोना द्वारा आयोजित बार्सिलोना स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी शहरी नवाचार, सतत विकास और शहरों के रूपांतरण पर केंद्रित एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी है। इसका आयोजन 3 से 5 नवंबर, 2026 तक बार्सिलोना के ग्रान विया प्रदर्शनी केंद्र में किया जा रहा है। इस वैश्विक मंच पर विभिन्न देशों की राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं स्थानीय सरकारों के प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय संगठन, शहरी नियोजन विशेषज्ञ, प्रौद्योगिकी कंपनियां, अनुसंधान संस्थान और निवेशक भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन में सतत शहरी गतिशीलता, डिजिटल परिवर्तन, स्मार्ट गवर्नेंस, शहरी अवसंरचना, जलवायु अनुकूलन क्षमता, ऊर्जा दक्षता, आवास, सार्वजनिक सेवाओं तथा नगर प्रबंधन में उभरती प्रौद्योगिकियों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

श्री साहू ने कहा कि स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस में भारत की भागीदारी देश के सतत शहरीकरण, नगरपालिका सेवाओं के तकनीकी आधुनिकीकरण और जलवायु एवं आपदा संबंधी चुनौतियों के प्रति सक्षम शहरी अवसंरचना के विकास के प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि इंडिया पवेलियन भारत की शहरी विकास संबंधी पहलों, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय हितधारकों के साथ ज्ञान के आदान-प्रदान, वैश्विक साझेदारी और सहयोग को बढ़ावा देने का एक प्रभावी मंच है।

श्री साहू ने कहा, “इस प्रतिष्ठित वैश्विक आयोजन में भारत की भागीदारी सतत, समावेशी, सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार शहरों के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा लक्ष्य ऐसे शहरों का विकास करना है, जो आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के लिए बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।”

इस अवसर पर श्री साहू ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों की टीमों द्वारा प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। इनमें छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और बिहार के प्रमुख सचिवों के नेतृत्व वाली टीमों ने अपने-अपने राज्यों में शहरी विकास, स्मार्ट सिटी समाधान और नवाचार आधारित पहलों की उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। श्री साहू ने राज्यों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए शहरी विकास के क्षेत्र में राज्यों की सक्रिय भागीदारी और अनुभवों के आदान-प्रदान के महत्व को रेखांकित किया।

श्री साहू ने सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र (UN) सहित विभिन्न देशों के पवेलियनों का भी दौरा किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने फिरा डी बार्सिलोना के मुख्यालय का भ्रमण किया तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HUDCO) और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) के प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। इन स्टॉलों पर शहरी अवसंरचना, निर्माण, आवास और सतत विकास से संबंधित विभिन्न पहलों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।

भारत की इस सहभागिता से वैश्विक शहरी विकास के क्षेत्र में देश की उपलब्धियों, तकनीकी क्षमताओं और नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ-साथ विभिन्न देशों के बीच सहयोग, निवेश और ज्ञान साझाकरण की नई संभावनाओं को भी बल मिलेगा।

भारत का लक्ष्य ऐसे शहरों का निर्माण करना है, जो स्मार्ट होने के साथ-साथ सतत, समावेशी, सुदृढ़ और नागरिक-केंद्रित हों तथा विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दें।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button