श्रीतोखन साहू ने बार्सिलोना मेट्रोपॉलिटन एरिया अथॉरिटी का किया दौरा, किफायती आवास, सतत परिवहन, शहरी नियोजन एवं मेट्रोपॉलिटन गवर्नेंस की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर हुई चर्चा

श्रीतोखन साहू ने बार्सिलोना मेट्रोपॉलिटन एरिया अथॉरिटी का किया दौरा, किफायती आवास, सतत परिवहन, शहरी नियोजन एवं मेट्रोपॉलिटन गवर्नेंस की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों पर हुई चर्चा
बार्सिलोना, 04 नवंबर 2026
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने स्पेन की आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन बार्सिलोना मेट्रोपॉलिटन एरिया अथॉरिटी (AMB) के जोना फ्रांका स्थित मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने AMB के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहरी नियोजन, किफायती आवास, सतत परिवहन, शहरी पुनर्विकास और मेट्रोपॉलिटन प्रशासन पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में AMB के अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं डिजिटल मेट्रोपोलिस के उपाध्यक्ष श्री जोर्डी कास्टेलाना ई गैमिसांस, बार्सिलोना रीजनल की महानिदेशक सुश्री बारबरा पोंस तथा IMPSOL के निदेशक-प्रबंधक श्री जोसेप बोरेल उपस्थित रहे। चर्चा में मेट्रोपॉलिटन प्रशासन, शहरी अवसंरचना, सार्वजनिक आवास और समावेशी शहरी विकास के मॉडल पर विचार-विमर्श हुआ।
AMB के मोबिलिटी, परिवहन एवं सततता विभाग के निदेशक श्री जोआन मारिया बिगास ने परिवहन एवं गतिशीलता नीतियों पर प्रस्तुति दी। श्री साहू ने बार्सिलोना की साइकिल लेन और पैदल यात्रियों के अनुकूल अवसंरचना की सराहना की तथा सतत शहरी परिवहन के महत्व को रेखांकित किया।
किफायती आवास पर भारत के अनुभव साझा किए
स्पेन में आवास की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों के संदर्भ में श्री साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 1.2 करोड़ से अधिक किफायती आवासों का निर्माण पूरा कर लाभार्थियों को सौंपा जा चुका है। उन्होंने कैटालोनिया के प्रतिनिधियों को भारत की आवास योजना का अध्ययन करने तथा किफायती आवास के क्षेत्र में सहयोग एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए आमंत्रित किया।
श्री साहू ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के माध्यम से भारत में शहरी स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में हुए परिवर्तन का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारत और स्पेन के बीच शहरी अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर बल दिया।
एकीकृत परिवहन और नवाचार केंद्र का किया अवलोकन
श्री साहू ने AMB Informació i Serveis SA का दौरा कर अधिकारियों से मेट्रोपॉलिटन परिवहन सेवाओं के एकीकृत संचालन एवं प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने 22 बार्सिलोना इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट का दौरा किया और 22 Network के प्रतिनिधियों के साथ शहरी पुनर्विकास, स्मार्ट नियोजन एवं नवाचार पर चर्चा की। पूर्व औद्योगिक क्षेत्र पॉब्लेनोउ में विकसित यह जिला प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, स्टार्टअप और ज्ञान आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र है।
ऐतिहासिक विरासत संरक्षण की सराहना की
श्री साहू ने बार्सिलोना के प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल कासा बाटलो का भी भ्रमण किया। उन्होंने प्रसिद्ध वास्तुकार एंटोनी गौडी की इस स्थापत्य कृति के संरक्षण, सांस्कृतिक पर्यटन और शहरी पहचान के साथ इसके जुड़ाव का अवलोकन किया।
श्री साहू की इस यात्रा से मेट्रोपॉलिटन प्रशासन, किफायती आवास, सतत परिवहन, शहरी नवाचार और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में बार्सिलोना की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिला। ये अनुभव भारत में समावेशी, सतत, सुदृढ़ और नागरिक-केंद्रित शहरों के विकास तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में उपयोगी होंगे।




