सभी ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन, जनभागीदारी से सफल आयोजन की तैयारी

जिले में 17 सितंबर को आयोजित होगा “आशीर्वाद का दीया” अभियान
सभी ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन, जनभागीदारी से सफल आयोजन की तैयारी
कवर्धा, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत जिले में “आशीर्वाद का दीया” गतिविधि का व्यापक आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। जारी आदेश के अनुसार कार्यक्रम के सफल एवं व्यापक आयोजन के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
प्रमुख स्थलों पर होगा दीप प्रज्ज्वलन
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि “आशीर्वाद का दीया” अभियान के तहत भोरमदेव मंदिर प्रांगण, सरोदा दादर, बुढ़ा महादेव मंदिर प्रांगण कवर्धा, नवीन मेडिकल कॉलेज, भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना सहित प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही पीएम जनमन गांवों के अंतर्गत सड़कों, सभी शासकीय कार्यालयों, नगरीय निकायों, प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवास कॉलोनियों, अमृत सरोवरों तथा लखपति दीदी आजीविका केंद्रों में भी दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्था की जाएगी।
जिले की सभी ग्राम पंचायतों में “आशीर्वाद का दीया” गतिविधि का आयोजन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चयनित 25 ग्राम पंचायतों में वृहद आयोजन कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिलेवासियों से “आशीर्वाद का दीया” अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर इस सामूहिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


