कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की ली बैठक

कबीरधाम जिले में सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन हेतु युद्ध स्तर पर की जा रही है तैयारी
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों की ली बैठक
अभियान की सफलता के लिए सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक-सीईओं जिला पंचायत
कवर्धा, 11 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कबीरधाम जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी समाज प्रमुखों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय रूप से जुड़कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जा सकता है। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, संगठन के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। अभियान के दौरान विभिन्न आयु वर्गों एवं समुदायों को जोड़ते हुए सेवा, सहभागिता और जनकल्याण से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत की संकल्पना तथा 25 वर्षों के सेवा कार्यों पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विकसित भारत की परिकल्पना एवं राष्ट्र निर्माण में सेवा भावना के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव तक पहुंचेंगे सेवा कार्यों और योजनाओं के संदेश
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। इसके अंतर्गत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
‘आंगन का उत्सव’ में माताओं एवं बच्चों की होगी सहभागिता
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं एवं बच्चों की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाने तथा मातृ एवं बाल विकास से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को मिलेगा सहभागिता का अवसर
‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से आम नागरिक अपने स्तर पर सेवा एवं जनहित से जुड़ी गतिविधियों में योगदान दे सकेंगे।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी को दिया जाएगा बढ़ावा
सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र-भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा भावना, नवाचार, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

