छत्तीसगढ़

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं दही लूट (गोविंदा उत्सव) को लेकर कबीरधाम पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं दही लूट (गोविंदा उत्सव) को लेकर कबीरधाम पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी।

कबीरधाम जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व दिनांक 04 सितंबर 2026 एवं दिनांक 05 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले दही लूट (गोविंदा उत्सव) को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस के अधिकारियों एवं पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर जिम्मेदारियां सौंपते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी एवं समन्वय के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उनके मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आयोजन स्थलों, शोभायात्रा मार्ग एवं शहर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

मंदिर एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
राधाकृष्ण मंदिर एवं मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर तालाब में किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना के प्रशिक्षित तैराक दल को आवश्यक तैराकी उपकरणों के साथ तैनात किया गया है।

शोभायात्रा में अलग-अलग दलों के साथ पुलिस की तैनाती
05 सितंबर को आयोजित होने वाली शोभायात्रा में गोपियों की टोली एवं कलश यात्रा, डीजे पार्टी, डंडा नाच, बाँसगीत, कृष्ण झाँकी एवं हाँडी फोड़ टोली के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पृथक-पृथक ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस बल शोभायात्रा के साथ लगातार मौजूद रहकर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखेगा।

महिला सुरक्षा के लिये विशेष निगरानी
महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पृथक ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सायबर थाना की टीम शोभायात्रा के दौरान सक्रिय रहकर असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखेगी। चोरी, उठाईगिरी, छेड़छाड़, लड़ाई-झगड़ा अथवा अन्य अवांछित गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी
शहर के राजमहल चौक, करपात्री चौक, शीतला चौक, ऋषभदेव चौक, महावीर चौक, गांधी चौक, वीर स्तंभ चौक, शिवाजी चौक, एकता चौक, अंबेडकर चौक, लोहारा नाका एवं ठाकुरपार चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान
शोभायात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता अनुसार स्टॉपर लगाकर पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्सन एवं मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। ड्यूटी में लगे यातायात बल को वायरलेस सेट, रेनकोट, रिफ्लेक्टर जैकेट, फ्लोरोसेंट रॉड एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

त्वरित कार्रवाई के लिए एडी पार्टी एवं रिजर्व बल तैयार
किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई के लिए एडी पार्टी एवं रिजर्व पुलिस बल को तैयार स्थिति में रखा गया है। पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं वायरलेस सिस्टम को भी सक्रिय रखा गया है, जिससे किसी भी सूचना पर त्वरित समन्वय एवं कार्रवाई की जा सके।

थाना एवं चौकी स्तर पर भी विशेष पुलिस व्यवस्था के निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव (IPS) द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में विशेष पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम, शोभायात्रा एवं अन्य आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई असामाजिक तत्व कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा किसी आपराधिक कृत्य को अंजाम देने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। थाना एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

04 सितंबर को भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राधाकृष्ण मंदिर एवं मंदिर परिसर में दोपहर 03 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक पुलिस बल तैनात रहेगा। शाम 04 बजे बड़े मंदिर से निकाली जाने वाली बाइक रैली के दौरान थाना पेट्रोलिंग एवं यातायात पुलिस के माध्यम से मार्ग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कबीरधाम पुलिस ने जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गोविंदा उत्सव को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने तथा पुलिस द्वारा निर्धारित सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

कबीरधाम पुलिस की अपील
“पर्व मनाएं उत्साह से, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का रखें ध्यान—शांतिपूर्ण उत्सव में दें पुलिस का साथ।”

कबीरधाम पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button