सहसपुर लोहारा में 82.40 प्रतिशत हुआ मतदान, 4237 मतदाताओं ने डाले वोट

उप निर्वाचन 2026: नगर पंचायत सहसपुर लोहारा एवं दो ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न
सहसपुर लोहारा में 82.40 प्रतिशत हुआ मतदान, 4237 मतदाताओं ने डाले वोट
कवर्धा, 01 जून 2026। उप निर्वाचन 2026 के अंतर्गत नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद तथा ग्राम पंचायत उड़ियाखुर्द के वार्ड क्रमांक-08 एवं ग्राम पंचायत पोलमी के वार्ड क्रमांक-14 के रिक्त पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रातः 08 बजे से प्रारंभ होकर सायं 05 बजे तक निर्धारित समयानुसार संपन्न हुआ। वहीं ग्राम पंचायत उड़ियाखुर्द एवं पोलमी में रिक्त पंच पदों के लिए मतदान प्रातः 07 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 03 बजे तक चला। नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के अध्यक्ष पद के लिए कुल 82.40 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। यहां 2066 पुरुष और 2171 महिला मतदाताओं सहित कुल 4237 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्राम पंचायत उड़ियाखुर्द के वार्ड क्रमांक-08 के रिक्त पंच पद के लिए कुल 86.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 39 महिला एवं 35 पुरुष, कुल 74 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत पोलमी के वार्ड क्रमांक-14 के रिक्त पंच पद के लिए 91.14 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 42 महिला एवं 30 पुरुष, कुल 72 मतदाताओं ने मतदान किया।




