ग्राम दोन्देकला में औद्योगिक जनित फ्लाई ऐश डंपिंग से आस पास के ग्रामीणों का जनजीवन बदहाल ,

ग्राम दोन्देकला में औद्योगिक जनित फ्लाई ऐश डंपिंग से आस पास के ग्रामीणों का जनजीवन बदहाल



ग्रामीण प्रदूषण युक्त पानी पीने व प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर
राजधानी रायपुर से मात्र 16 किलोमीटर दूर बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत दोन्दे कला इन दिनों अवैध तरीके से फ्लाई ऐश डंपिंग करने का अड्डा बन गया है। यहाँ के बंद पड़े चूनापत्थर के खदानों पर NTPC सीपत एवं मेसर्स अडानी पॉवर प्राइवेट लिमिटेड रायखेड़ा से जनित राखड़ (फ्लाई ऐश) को अलग अलग ट्रांसपोर्टरो द्वारा हाइवा एवं बड़े ट्रकों से यहाँ लाकर डम्प किया जा रहा है , जो हवा में उड़कर आस पास के ग्रामीणों के जनजीवन को बदहाल कर रहा है , तथा उद्योगों से जनित राखड़ पानी से लबालब भरे खदानों में डलता है तो वे आस पास के जलस्रोतों को भारी मात्रा में प्रदूषित कर देता है जिसे पीकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधित अनेक प्रकार के बीमारी हो रहा है।
हद तो तब हो गया जब NH 130 B मुख्य मार्ग से लगा हुआ खदान पर फ्लाई ऐश डाला जा रहा जिसका राखड़ उड़कर वाहन चालकों के आंख में पड़ता है व धूल के गुबार से 500 मिटर तक कुछ भी नही दिखता जिसके कारण आये दिन यहां दुर्घटनाएं होना आम बात हो गया है।
ग्रामीणों के मांग पर आज पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ता व भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा , भाजपा युवा नेता सूरज टंडन , भाजपा मंडल उपाध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा सहित सैकड़ों के संख्या में ग्रामीणों ने फ्लाई ऐश डम्पिंक का विरोध किया तथा तहसीलदार , खनिज विभाग व पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर कार्यवाही करने के लिए अनुरोध किया जिस पर तहसीलदार साहब के आदेश पर पटवारी द्वारा श्रीनिवास ट्रांसपोर्ट मोवा , सुमित ठाकुर निवासी चिचोली , हर्षदीप ट्रांसपोर्ट द्वारा हरीश वर्मा निवासी तारासिव के ऊपर पंचनामा कार्यवाही किया है वही पर्यावरण विभाग के द्वारा नोटिस जारी करने व मौखिक रूप से काम बंद करने को कहे है।
इस मामले में युवा नेता सूरज टंडन का कहना है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा फ्लाई ऐश भराव के संबंध में जारी गाइडलाइंस 28 अगस्त 2019 के तहत फ्लाई ऐश का परिवहन टैंकर्स / बलकर्स / मैकेनिकली कवर्ड ट्रक के द्वारा किया जाना है तथा राखड़ का धूल उड़े न इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था व आस पास वृक्षारोपण किया जाना है , इसमें से किसी भी नियमो का पालन उनके द्वारा नही किया जा रहा है तथा शासन प्रशासन को ठेंगा दिखाते हुए धड़ल्ले से राखड़ डंपिंग कार्य संचालित है।
वही भाजपा प्रदेश महामंत्री अशोक सिंहा का कहना है कि जनभावनाओं का ख्याल रखते हुए प्रशासन द्वारा इस पर तत्काल रोक लगाना चाहिए, ग्रामीणों के स्वास्थ्य व जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है।


