दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल, रेल सुरक्षा बल द्वारा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी कार्रवाई 06 शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के आभूषण व मोबाइल बरामद l दपूमरे, नागपुर मंडल – 25 फरवरी 2026

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल, रेल सुरक्षा बल द्वारा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत बड़ी कार्रवाई 06 शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के आभूषण व मोबाइल बरामद l दपूमरे, नागपुर मंडल – 25 फरवरी 2026
बिलासपुर l रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के अंतर्गत रेलगाड़ियों एवं रेलवे परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। श्री दीप चंद्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में दिनांक 24.02.2026 को दो अलग-अलग मामलों में कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
प्रथम प्रकरण में दिनांक 14.02.2026 को गाड़ी संख्या 58823 में छिंदवाड़ा से सिवनी के मध्य यात्रा कर रहे एक यात्री के बैग से लगभग डेढ़ तोला सोने का हार (कीमत लगभग ₹45,000/-) चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में दिनांक 15.02.2026 को शासकीय रेलवे पुलिस छिंदवाड़ा में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की जांच हेतु रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट छिंदवाड़ा एवं अपराध गुप्तचर शाखा नागपुर द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर दिनांक 24.02.2026 को पांच आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने रेलगाड़ी में चोरी की घटना को स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से ₹9,500/- नगद एवं लगभग 03 ग्राम वजन का आधा सोने का पेंडाल बरामद किया गया। सभी आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु विधिवत शासकीय रेलवे पुलिस छिंदवाड़ा को सुपुर्द किया गया, जहां पूर्व में दर्ज प्रकरण में उन्हें संलग्न कर अन्य संलिप्त आरोपियों की भी जांच की जा रही है।
द्वितीय प्रकरण में गाड़ी संख्या 20846 भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का लेडीज हैंडबैग चोरी होने का मामला दिनांक 23.02.2026 को शासकीय रेल पुलिस थाना राजनांदगांव में दर्ज किया गया था। दिनांक 24.02.2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोंदिया, मंडल टास्क टीम नागपुर एवं अपराध गुप्तचर शाखा गोंदिया द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए नागपुर रेलवे के पूर्वी आउटर मोमिनपुरा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को लेडीज हैंडबैग सहित पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने गाड़ी में नागपुर से गोंदिया के मध्य यात्री के सो जाने का लाभ उठाकर हैंडबैग चोरी करना स्वीकार किया। बरामद सामग्री में फॉसिल कंपनी की घड़ी (₹15,000/-), 02 नग गॉगल (₹4,000/-), नगद ₹1,500/-, मोबाइल चार्जर, सिल्वर कोटेड कंगन (₹7,000/-) सहित अन्य सामग्री कुल लगभग ₹27,500/- मूल्य की पाई गई। आरोपी को विधिवत शासकीय रेल पुलिस थाना गोंदिया को सुपुर्द किया गया, जहां उसे पूर्व में दर्ज अपराध में संलग्न किया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि रेलगाड़ियों, स्टेशन एवं स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, गाड़ी में तैनात रेलवे कर्मचारी, टीटीई अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।



