ब्रजराजनगर स्टेशन यार्ड में क्रॉसओवर करेक्शन कार्य सफल—सुरक्षित ट्रेन संचालन को मिलेगी और मजबूती

ब्रजराजनगर स्टेशन यार्ड में क्रॉसओवर करेक्शन कार्य सफल—सुरक्षित ट्रेन संचालन को मिलेगी और मजबूती
छत्तीसगढ़ बिलासपुर से भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट/ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ब्रजराजनगर स्टेशन यार्ड में क्रॉसओवर करेक्शन का कार्य अत्यंत सफलता के साथ संपन्न किया गया। इस कार्य में SPN Rollers का उपयोग कर ट्रैक ज्योमेट्री में उच्च गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित की गई।
इस जटिल कार्य को पूरा करने के लिए अलग से ब्लॉक लेकर तथा कुछ गाड़ियों को प्रभावित कर ही किया जा सकता था। परन्तु रेल प्रशासन द्वारा बेहतरीन प्रबंधन के साथ इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य को चक्रधर नगर स्टेशन में लिए गए ब्लॉक के शैडो कार्य के रूप में किया गया, जिससे मुख्य लाइन के संचालन पर किसी प्रकार का अवरोध न आए। वरिष्ठ मंडल अभियंता अरविंद विश्वकर्मा व इंजिनियरिग विभाग के अधिकारियों के नेतृत्व में इंजीनियरिंग टीम, संकेत एवं दूरसंचार विभाग, विद्युत टीआरडी व तकनीकी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों से यह कार्य समयबद्ध, सुरक्षित एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया।
इस क्रॉसओवर करेक्शन से ब्रजराजनगर स्टेशन यार्ड की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी, ट्रेनों की गति और स्थिरता बेहतर होगी तथा रेल सुरक्षा स्तर और अधिक मजबूत होगा। SPN Rollers के प्रयोग से ट्रैक संरचना के रखरखाव में आधुनिक तकनीक का सफलतापूर्वक उपयोग दर्शाता है कि मंडल सुरक्षित रेल संचालन के लिए निरंतर नवाचार और उन्नयन की दिशा में अग्रसर है।
रेल प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं कुशल सेवाएं प्रदान करने के लिए ऐसे सुधारात्मक कार्य आगे भी प्राथमिकता से जारी रखेगा।



