खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाईदेश दुनिया

नकली GOLD FLAKE सिगरेट बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 18 हजार सिगरेट जब्त

दुर्ग में नकली GOLD FLAKE का कारोबार बेनकाब, ₹2.07 लाख का माल जब्त

दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस ने इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में कार्रवाई करते हुए ITC Limited के GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नाम से बेची जा रही नकली सिगरेट का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 18 हजार नकली सिगरेट, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई है।

ITC के अधिकृत प्रतिनिधि से मिली थी सूचना

पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को ITC Limited के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में GOLD FLAKE PREMIUM ब्रांड के नकली उत्पाद बेचे जाने की जानकारी दी थी। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

18 हजार नकली सिगरेट बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने GOLD FLAKE PREMIUM नाम अंकित कुल 36 बंडल बरामद किए। इनमें कुल 18 हजार सिगरेट थीं। जब्त उत्पादों की कुल कीमत ₹2,07,000 आंकी गई है। उत्पादों की पैकेजिंग पर MRP ₹115 और QR नंबर भी अंकित पाया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा निजी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वास्तविक उत्पादों से मिलती-जुलती पैकेजिंग और ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट का विक्रय किया जा रहा था।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में विशाल जसवानी (36) निवासी गुरूनानक नगर, दुर्ग और निखिल सिहानी (29) निवासी सदानी नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज करते हुए BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ब्रांड के नकली या संदिग्ध उत्पादों की बिक्री अथवा भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने उपभोक्ताओं से भी उत्पाद खरीदते समय उसकी पैकेजिंग और प्रामाणिकता की जांच करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button