अपराधखास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, Realme और iPhone 16 बरामद

भिलाई। थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र में चाकू दिखाकर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए Realme और iPhone 16 मोबाइल फोन के साथ घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का धारदार हथियार भी बरामद किया है।

मामला 29 जुलाई 2026 का है। डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, सेक्टर-01 के पास प्रार्थी अयान अली अपनी महिला साथी के साथ मौजूद था। इसी दौरान तीन आरोपियों ने दोनों को निशाना बनाते हुए मोबाइल लूट लिए। लूट का विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी की कमर और पीठ के पास नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाई और दोनों मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक Realme मोबाइल, एक iPhone 16 और घटना में प्रयुक्त स्टील का धारदार हथियार बरामद किया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनसान स्थान के पास प्रार्थी और उसकी महिला साथी को निशाना बनाया था। मोबाइल लूटने के दौरान विरोध किए जाने पर नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन राय (19), निवासी सुपेला; पीयूष कुमार शाह (20), निवासी कैम्प-01; और मोहम्मद आरिफ शाह (19), निवासी कैम्प-01, भिलाई के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को 11 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर कुमार, सउनि भारत सिंह चौधरी, पुनीत राम वर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, आरक्षक आशीष प्रसाद, अमित सिंह और जयनारायण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी घटना की स्थिति में स्वयं जोखिम उठाने के बजाय पुलिस को सूचना देकर सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button