कवर्धा

नवीन बाजार में पुलिस चौकी, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा एवं त्योहारी सीजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा CAIT

 

 

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर CAIT प्रतिनिधिमंडल ने SP जितेंद्र यादव से की मुलाकात

 

नवीन बाजार में पुलिस चौकी, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा एवं त्योहारी सीजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

 

कवर्धा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर में व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा बाजारों में सुचारू व्यापार संचालन को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की।

 

प्रतिनिधिमंडल ने नवीन बाजार क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों, यातायात की खराब स्थिति, दर्रीपारा रोड में आवागमन की व्यवस्था, ट्रैफिक सिग्नल के पास जेब्रा क्रॉसिंग की मार्किंग, अस्थायी एवं स्थायी पार्किंग की व्यवस्था सहित आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली ग्राहकों की भीड़ को व्यवस्थित करने जैसे विषयों को प्रमुखता से रखा।

 

बैठक में बाजारों में सुरक्षा कैमरों की व्यवस्था एवं उनकी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग एवं पुलिस गश्त बढ़ाने सहित व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

 

इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एवं CAIT के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री आकाश आहूजा ने कहा कि,

 

> “बाजार में ग्राहकों की भीड़ अच्छे व्यापार की निशानी है। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को समस्या के रूप में नहीं, बल्कि व्यवस्थित किए जाने वाले अवसर के रूप में देखना चाहिए। ग्राहकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित करना व्यापारियों एवं प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।”

 

 

 

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की ओर से प्रशासन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि त्योहारी सीजन में ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यापार भी सुचारू रूप से संचालित हो सके।

 

CAIT के जिला अध्यक्ष श्री दीप शर्मा ने कवर्धा शहर में सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बाजार एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगे कैमरों को दुरुस्त किया जाना आवश्यक है। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर नए कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी।

 

जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष श्री वनीत सिंह सलूजा ने दर्रीपारा रोड में यातायात की समस्या का उल्लेख करते हुए बैंक एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सख्त किए जाने का आग्रह किया, ताकि सड़क पर अनावश्यक वाहनों के खड़े रहने से यातायात बाधित न हो।

 

वहीं जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री अविनाश तिवारी एवं मंत्री श्री भागीरथी सिन्हा ने नवीन बाजार के अंदर असामाजिक तत्वों की मौजूदगी का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए नवीन बाजार क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने अथवा नियमित पुलिस बल की तैनाती एवं लगातार गश्त सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाजार में व्यापारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं परिवार खरीदारी के लिए आते हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस, यातायात विभाग एवं व्यापारिक संगठनों के बीच समन्वय बनाकर विशेष यातायात एवं सुरक्षा प्लान तैयार किया जाए। प्रमुख बाजारों में पुलिस जवानों की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा रखी गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई एवं बेहतर समन्वय के लिए आश्वस्त किया।

 

CAIT प्रतिनिधिमंडल ने आगामी त्योहारी सीजन में “सुरक्षित बाजार, सुगम यातायात और व्यवस्थित व्यापार” की दिशा में प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

प्रतिनिधिमंडल में चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं CAIT के पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button