कोरोना को लेकर वोरा ने की मंत्री मो.अकबर व जयसिंह से चर्चा
कहा कोरोना से बचाव हेतु जिले के लिए किया जाये जारी,
मास्क, सेनेटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने किया आग्रह
दुर्ग। कोरोना वायरस के खतरे को फैलने से रोकने हेतु शासन द्वारा लिए जा रहे कड़े कदमों के बीच विधायक अरुण वोरा ने जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल से चर्चा की। उन्होंने प्रभारी मंत्री से कहा कि प्रदेश भर में लॉकडाउन का जरूरी कदम शासन द्वारा उठाया गया है किन्तु इससे अफरातफरी की स्थिति ना उत्पन्न हो इसके लिए आवश्यक है कि खाद्य पदार्थों, फल, दूध सब्जी इत्यादि के अलावा कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक मास्क, हैंड ग्लव्स व सेनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शहर में आवश्यक सेवाओं में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मियों, पुलिस बल व मीडिया कर्मियों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों वाला मास्क उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने आपदा प्रबंधन मंत्री जय सिंह अग्रवाल से जिले के लिए कोरोना नियंत्रण हेतु राशि जारी करने की भी मांग की जिस पर श्री अग्रवाल ने बताया कि राज्य के लिए आपदा कोष से एक मुश्त 15 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है जिसे आवश्यक वस्तुओं की खरीदी व कोरोना नियंत्रण में उपयोग किया जाएगा।