भेड़-बकरी पालन पर किसानों को दी जानकारी

बाड़मेर के कृषि विज्ञान केंद्र दांता में व्यावसायिक भेड़ एवं बकरी पालन पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसान व पशुपालक शामिल हुए। उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन की उन्नत तकनीक, कम लागत वाले आवास, चराई आधारित प्रबंधन व बाजार से जुड़ाव पर जानकारी दी।
केंद्र प्रमुख डॉ. विनय कुमार ने कहा कि मरुस्थलीय क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद भेड़-बकरी पालन लाभकारी हो सकता है। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार नस्ल चयन और कम लागत प्रबंधन पर जोर दिया।
ऑनलाइन और ऑफलाइन सत्रों में विशेषज्ञ जुड़े। डॉ. हितेश मुवाल ने तकनीकी पहलुओं पर जानकारी दी। शंकरलाल कांटवा ने जलवायु परिवर्तन, सूखा और तापमान वृद्धि के बीच भेड़-बकरी पालन को अनुकूल विकल्प बताया। उन्होंने चारा संरक्षण और जलवायु अनुकूल प्रबंधन पर बात की।
प्रशिक्षण प्रभारी जगपाल जोगी ने संतुलित पोषण, प्रजनन प्रबंधन, टीकाकरण, कृमिनाशक व झुंड प्रबंधन की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए।


