छत्तीसगढ़

मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने का संदेश, जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बात करने का संदेश, जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

कवर्धा, 07 अक्टूबर 2026। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत वृद्धाश्रम कवर्धा एवं भोरमदेव नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, कवर्धा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम लिव्ड एक्सपीरियंसेज हर्ड रियल वॉइसेज, रियल चेंज” पर आधारित कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुर्रे एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. के.के. ध्रुव के तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. विनोद चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजनों एवं नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के हितग्राहियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी गई। मानसिक तनाव, चिंता एवं अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लक्षणों को समझने, समय पर परामर्श लेने तथा अपनी समस्याओं को परिवार एवं विश्वसनीय लोगों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। नशा एवं व्यसन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा आवश्यकता होने पर समय पर उपचार एवं परामर्श प्राप्त करने का संदेश दिया गया। मानसिक तनाव को कम करने के लिए योग, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद, संतुलित दिनचर्या एवं सकारात्मक गतिविधियों को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों में टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं 1800-89-14416 की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर विशेषज्ञों से सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय अपनी बात खुलकर साझा करना, समय पर सहायता लेना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श करना मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button