बाजार का महंगा और मिलावटी मैदा छोड़िए, गेहूं से घर पर बनाएं 100% शुद्ध मैदा, समोसे-कचौरी का बढ़ेगा स्वाद

मैदा एक ऐसी चीज है जो भारतीय खानपान का अहम हिस्सा है. इसका इस्तेमाल समौसे, कचौरी, भटूरे या मठरी जैसी चीजों में खूब होता है. साथ ही ये बेकिंग की चीजों में भी काम आता है. मैदा ज्यादातर लोग बाजार से ही खरीदते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में मिलने वाले पैक्ड मैदे को सफेद और चमकदार बनाने के लिए अक्सर बेंजॉयल पेरोक्साइड या ऑलॉक्सन जैसे केमिकल्स और ब्लीचिंग एजेंट्स का इस्तेमाल किया जाता है जो आपके पाचन तंत्र और सेहत के लिए बेहद हानिकारक होते हैं.
इसके अलावा बाजार का मैदा काफी महंगा और मिलावटी भी हो सकता है. अगर आप अपने परिवार को इन हानिकारक केमिकल्स से बचाना चाहते हैं तो घर पर ही गेहूं के आटे से 100% शुद्ध, हाइजीनिक और केमिकल-फ्री मैदा तैयार कर सकते हैं. ही हां और इसे तैयार करना बहुत मुश्किल काम नहीं है. यहां हम आपको घर पर ही शुद्ध मैदा बनाने का तरीका बता रहे हैं.
घर पर शुद्ध मैदा बनाने की विधि
सामग्री:
साफ और सूखा गेहूं का आटा – 2 कप
महीन सूती/मलमल का कपड़ा या बहुत बारीक जाली वाली छलनी
बनाने का तरीका
सबसे पहले गेहूं के आटे को सामान्य आटे की छलनी से एक बार छान लें ताकि उसका मोटा चोकर अलग हो जाए.
अब इस छाने हुए आटे को और अधिक बारीक करने के लिए एक बहुत महीन जाली वाली मैदा छानने वाली छलनी का उपयोग करें.
बिल्कुल बाजार जैसा फाइन और टेक्सचर पाने के लिए एक बाउल पर साफ मलमल का कपड़ा बांधें और उस पर थोड़ा-थोड़ा आटा रखकर हाथों से हल्के से रगड़ते हुए छानें.
कपड़े से छनकर नीचे आने वाला आटा एकदम बारीक, हल्का और स्टार्च से भरपूर होता है जो बिल्कुल मैदे की तरह काम करता है.
ऊपर बचे हुए चोकर को अलग हटा दें और छने हुए मैदे को किसी एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके रखें


