वडनगर से वाराणसी जा रही जल-जन बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत

वडनगर से वाराणसी जा रही जल-जन बाइक रैली का कबीरधाम में भव्य स्वागत
कवर्धा। वडनगर से वाराणसी की ओर जा रही जल-जन सेवा संकल्प बाइक रैली का कबीरधाम जिले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष उमंग पांडेय के नेतृत्व में दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान भव्य स्वागत किया गया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के मार्गदर्शन में 29 एवं 30 सितंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वागत, सेवा, सम्मान, जनसंपर्क और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
रैली का प्रथम दिवस रेंगाखार मंडल के धवईपानी से शुरू हुआ। इसके बाद बंजारी मंदिर दर्शन, बोड़ला में मंचीय स्वागत, हिन्दू संगम में आदिवासी बैगा समाज के साथ सामूहिक भोज तथा स्वच्छता दूतों का सम्मान किया गया। कवर्धा के सिग्नल चौक में राउत नाचा, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ रैली का आत्मीय स्वागत हुआ। बाइकर्स ने अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। शाम को उमेश उत्सव उद्यान में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। वहीं ‘मोर आवास मोर अधिकार’ योजना के हितग्राहियों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
दूसरे दिन रैली की शुरुआत उमेश उत्सव उद्यान से हुई। सरस्वती शिशु मंदिर कवर्धा भगुटोला में ‘सेवा वाटिका’ के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद रैली पोंड़ी, पांडातराई और हरिनाला होते हुए पंडरिया पहुंची, जहां बैगा नर्तकों द्वारा पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति के साथ स्वागत किया गया।
पंडरिया के सामुदायिक भवन में समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत पर्यावरण संरक्षण समिति एवं बेजुबां समिति का सम्मान किया गया। इसके बाद रैली कुकदूर और पोलमी होते हुए मध्य प्रदेश की ओर रवाना हुई।
कार्यक्रम में दाहोद के सांसद जसवंत सिंह सुमन एवं प्रभारी अवधेश चंदेल की विशेष उपस्थिति रही। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडेय, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर पीयूष सिंह, प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी आकाश सिंह, जिला प्रभारी आयुष सिंह, सह प्रभारी डॉ. संस्कृति वर्मा सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भाजयुमो जिला संगठन ने रैली के दौरान सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सम्मान और जनसंपर्क के माध्यम से जनभागीदारी का संदेश दिया।

