सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, सुबह एवं शाम दोनों समय सुचारू कराया गया यातायात

चिल्फी घाटी में यातायात व्यवस्था को लेकर कबीरधाम पुलिस की त्वरित एवं सक्रिय कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, सुबह एवं शाम दोनों समय सुचारू कराया गया यातायात
कबीरधाम जिले के थाना चिल्फी क्षेत्र अंतर्गत चिल्फी घाटी में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सक्रियता एवं तत्परता से कार्य किया जा रहा है। सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों के माध्यम से यातायात बाधित होने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्काल स्टाफ को मौके पर रवाना किया गया।
01 सितंबर 2026 को सुबह लगभग 10:00 बजे सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लगभग 11:00 बजे तक यातायात को व्यवस्थित कर वाहनों का आवागमन सुचारू कराया गया।
इसके पश्चात दोपहर लगभग 3:00 बजे पुनः यातायात प्रभावित होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना चिल्फी पुलिस द्वारा तत्काल टीम को मौके पर भेजकर यातायात बहाली की कार्रवाई प्रारंभ की गई। इसी दौरान शाम 4:41 बजे डायल-112 पर भी सूचना प्राप्त हुई, जिसके पूर्व ही थाना पुलिस का स्टाफ मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाल चुका था। थाना पुलिस एवं डायल-112 टीम के संयुक्त प्रयास से लगभग 5:20 बजे तक यातायात को पुनः सुचारू करा दिया गया।
चिल्फी घाटी का मार्ग पहाड़ी एवं कुछ स्थानों पर संकरा होने के कारण वाहन खराब होने अथवा तकनीकी कारणों से रुकने पर पीछे चल रहे वाहनों की कतार लग जाती है। ऐसी परिस्थितियों में कबीरधाम पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहनों को व्यवस्थित कराने, मार्ग को क्लियर कराने तथा यातायात का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है।
कबीरधाम पुलिस द्वारा चिल्फी घाटी में यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की यातायात बाधा की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है, ताकि घाटी से गुजरने वाले यात्रियों एवं वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि चिल्फी घाटी से गुजरते समय वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं, अपने वाहनों की तकनीकी स्थिति का पूर्व परीक्षण करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



