खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

रक्तदान को मिलेगा डिजिटल प्लेटफॉर्म, आईआईटी भिलाई बनाएगा वेब पोर्टल

रक्तदाता संस्थाओं का रहेगा ऑनलाइन रिकॉर्ड, नियमित शिविरों का बनेगा वार्षिक कैलेंडर

दुर्ग। जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग ने बड़ी पहल की है। कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित ‘रक्तदान-महादान’ विषयक बैठक में कलेक्टर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि आईआईटी भिलाई के सहयोग से एक आधुनिक वेब पोर्टल और मोबाइल एप विकसित किया जाएगा, जिससे रक्तदान से जुड़ी सभी जानकारियां डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेंगी।

कलेक्टर ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से यह जानकारी आसानी से देखी जा सकेगी कि किस संस्था ने कितनी यूनिट रक्तदान किया है, ब्लड बैंक में वर्तमान में कितनी यूनिट रक्त उपलब्ध है और किन संस्थाओं द्वारा कब रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। इससे रक्तदान अभियान में पारदर्शिता आएगी और जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले में पूरे वर्ष नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक, व्यापारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर ने नई व्यवस्था की घोषणा करते हुए कहा कि यदि कोई संस्था रक्तदान करती है और उसके द्वारा अनुशंसित ऐसा व्यक्ति, जो शासन की निःशुल्क रक्त श्रेणी में शामिल नहीं है, रक्त की आवश्यकता होने पर उसे संस्था द्वारा दान किए गए रक्त का एक चौथाई हिस्सा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. एस.आर. चुरेन्द्र ने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, नगर निगम भिलाई आयुक्त सुरूचि सिंह, डीआईजी सीआईएसएफ अखिलेश कुमार शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों, औद्योगिक संस्थानों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button