रात में दही जमाना भूल गए? इस ट्रिक से सिर्फ 15 मिनट में जमाएं गाढ़ा मलाईदार दही; गर्मियों में बेहद आएगी काम

गर्मियों का मौसम आते ही खाने की थाली में ठंडे और ताजे दही के बिना खाना अधूरा सा लगता है. कोई इसे पराठों के साथ खाना पसंद करता है, तो कोई रायता, लस्सी या छाछ बनाकर पीता है. लेकिन कई बार बाजार से दही लाना मुमकिन नहीं होता और घर पर जमाना भूल जाते हैं. ऐसे में कुछ समझ नहीं आता कि क्या किया जाए क्योंकि दही जमने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है और जल्दबाजी में अक्सर दही बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार भी नहीं बन पाता है
खासकर गर्मियों में लोग चाहते हैं कि जल्दी से ताजा दही तैयार हो जाए, ताकि बार-बार बाजार न भागना पड़े. ऐसे में अगर आप भी रात में दही जमाना भूल गए हैं या आपको कुछ देर में ही दही चाहिए तो ये खबर आपके लिए है. एक ट्रिक आपका काम बेहद आसान बना सकती है. आप बिना झंझट प्रेशर कुकर की मदद से सिर्फ कुछ ही मिनटों में ऐसा दही जमा सकते हैं, जो स्वाद में भी शानदार होगा और देखने में भी बिल्कुल बाजार जैसा लगेगा.
प्रेशर कुकर वाली आसान ट्रिक से जमाएं दही:
1. दही जमाने के लिए सबसे पहले दूध को अच्छे से उबाल लें. इसके बाद दूध को इतना ठंडा करें कि वो हल्का गुनगुना रह जाए. ध्यान रखें कि दूध बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए, वरना दही खट्टा हो सकता है.
2. अब एक बर्तन में 1-2 चम्मच जामन डालें और उसमें गुनगुना दूध मिलाकर अच्छी तरह चला लें. यही जामन दही को सही तरीके से जमाने करने में मदद करता है.
3. अब प्रेशर कुकर में थोड़ा गुनगुना पानी डालें. इसके अंदर दही वाला बर्तन रख दें और कुकर का ढक्कन बंद कर दें. ध्यान रखें कि सीटी लगाने की जरूरत नहीं है.
. करीब 15-20 मिनट तक कुकर बंद रहने दें. इसके बाद बर्तन को बाहर निकालकर नॉर्मल टेंपरेचर पर कुछ देर रखें. इससे दही जल्दी और अच्छी तरह जमने लगता है.
प्रेशर कुकर में जल्दी क्यो जमता है दही?
प्रेशर कुकर के अंदर हल्की गर्माहट लंबे समय तक बनी रहती है. यही वजह है कि दूध को सही टेंपरेचर मिल जाता है और दही जल्दी सेट होने लगता है. खासकर ठंडे मौसम या रात के समय ये तरीका काफी असरदार माना जाता है.
दही जमाते समय लोग अक्सर करते हैं ये गलतियां
दही जमाने में अक्सर लोग गलतियां करते हैं जिसकी वजह से दही बाजार जैसे गाढ़ा और मलाईदार नहीं जम पाता है. इनमें ज्यादा गर्म दूध में जामन डालना, ठंडी जगह पर रखना या कम जामन इस्तेमाल करना शामिल हैं. सही तापमान और हल्की गर्माहट सबसे ज्यादा जरूरी होती है.




