कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
कवर्धा, 20 मई 2026/ कवर्धा शहर के समीप ग्राम घोठिया में लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में 306 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज निर्माण स्थल पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अब तक हुए निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज भवन के प्लान एवं नक्शे का अवलोकन किया तथा प्रत्येक स्ट्रक्चर की तकनीकी जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले निर्माण कार्य को प्लिंथ स्तर से ऊपर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा समय-समय पर सैंपल लेबोरेट्री भेजकर परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्माण एजेंसी को कार्य में निरंतर गति बनाए रखने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम, एसडीएम श्री चेतन साहू, सीएमएचओ डॉ तूरे, तहसीलदार श्री परमेश्वर मंडावी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



