लू के थपेड़ों से तप रहा छत्तीसगढ़, मई में और चढ़ेगा पारा, 48 घंटे का हीटवेव अलर्ट

छत्तीसगढ़ में इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर तेजी से बढ़ता जा रहा है. अप्रैल महीने में ही तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई जिलों में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. मौसम वैज्ञानिक अगापित एक्का के अनुसार, अगले 48 घंटों में लू चलने की संभावना है और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है.
प्रदेश के मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है. रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, धमतरी और बलौदाबाजार जैसे जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका है. इन इलाकों में दोपहर के समय लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं. इसके अलावा बिलासपुर संभाग के जिलों, जैसे बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा और रायगढ़ में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है. यहां भी तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है और दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.बस्तर संभाग में भी बढ़ी गर्मी
आमतौर पर ठंडे रहने वाले बस्तर क्षेत्र में भी इस बार गर्मी का असर साफ दिख रहा है. जगदलपुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर में तापमान 38 से 41 डिग्री तक पहुंच रहा है. हालांकि, यहां हीटवेव की स्थिति उतनी तीव्र नहीं है, लेकिन गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ से दक्षिण भारत तक बनी ट्रफ लाइन और चक्रवाती हवाओं के कारण शुष्क और गर्म हवाएं छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रही हैं. यही वजह है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लू की स्थिति बन रही है.आगे क्या रहेगा हाल
मौसम विभाग ने 25 से 27 अप्रैल के बीच मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. हालांकि, 2 दिन बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन मई महीने में तापमान और बढ़ने के आसार हैं.



