देश दुनिया

गैस सिलेंडर बुकिंग का बदला नियम, अब इतने दिन बाद ही मिलेगा दूसरा सिलेंडर

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की बुकिंग के संबंध में नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब एलपीजी गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 21 दिन बाद ही दूसरे सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा सकेगी। ऑयल कंपनियों ने अपने सॉफ्टवेयर में इस प्रकार बदलाव किया है कि अब 21 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो सकेगी। नए नियम शुक्रवार से ही लागू हो गए हैं। ऑयल कंपनियों ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को इन नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं।

हाड़ौती कोटा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष चंद्रेश शर्मा ने बताया कि अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी मैन को डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) देना अनिवार्य होगा। डिलीवरी मैन को यह कोड देना जरूरी है, इसके बाद ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी। गैस सिलेंडर के लिए जब उपभोक्ता अपने मोबाइल से ऑनलाइन बुकिंग करवाते हैं, तब एक तरह से ओटीपी की तरह यह कोड मैसेज के माध्यम से आता है, जिसे डिलीवरी मैन को देना अनिवार्य होगा।

एसोसिएशन अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताया कि अब ई-केवाइसी भी अनिवार्य कर दी गई है। एलपीजी गैस सिलेंडर की दोबारा बुकिंग अब पिछली डिलीवरी के 21 दिन बाद ही ऑनलाइन या अन्य माध्यमों से की जा सकेगी, जो पहले कम (लगभग 15 दिन) थी। यह नियम भू-राजनीतिक हालात और आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लागू किया गया है। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के संबंध में भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

तेल और गैस की पर्याप्त आपूर्ति

ऑयल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई किल्लत नहीं है। पर्याप्त उपलब्धता है और पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की जा रही है। कंपनियों ने एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नहीं करने की अपील की है। दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button