छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

छात्राओं ने महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान में किये कविता पाठ

कन्या महाविद्यालय में किया गया संगोष्ठि का भी आयोजन

दुर्ग। शासकीय डॉ. वा. वा. पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुर्ग में वूमेन सेल के तत्वाधान में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। वूमेन सेल की संयोजक डॉ. मीनाक्षी अग्रवाल ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुरूआत की चर्चा करते हुए सशक्तिकरण पर अपने विचार रखें। उन्होनें इस दिवस को मनाने के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए इस वर्ष की थीम ‘बेहतर संतुलन’ की व्याख्या की।

इस अवसर पर छात्रों व प्राध्यापकों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील चन्द्र तिवारी ने कहा कि बेहतर संतुलन ही जीवन की सफलता का मुख्य आधार है। कर्मक्षेत्र में संतुलन और व्यवहार काफी प्रभावशील होता है। वही डॉ. अमिता सहगल ने कहा कि महिला दिवस विश्वभर में महिलाओं के सम्मान की रक्षा करने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रखने के उद्देश्य से मनाया जाना वाला आज का दिन तभी सार्थक है जब हम अपने कर्तव्यों के प्रति न्याय करते हैं। वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने कविता के माध्यम से महिलाओं के गृहकार्य एवं कार्यस्थल की परेशानियों का जिक्र किया। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. ऋतु दुबे ने नारी मन की मनुहार कविता के द्वारा सशक्त नारी की तस्वीर प्रस्तुत की जिसकी सभी ने सराहना की।

डॉ. मुक्ता बाखला ने गीत प्रस्तुत किया तो नृत्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा ठाकुर ने कॉमनवेल्थ गेम में महिलाओं की उपलब्धियों व महिलाओं की जागरूक भूमिका की चर्चा  की साथ ही उन्होनें ‘‘तुम्हारी उड़ान मेरी शान’’ कविता प्रस्तुत की।

डॉ. बबीता दुबे ने हिन्दी गीत और डॉ. ज्योति भरणे की मराठी कविता ‘‘मी आई आहे’’ ने खूब तालियाँ बटोरी। डॉ. मोनिया राकेश ने कामकाजी महिलाओं की पीड़ा को व्यक्त किया। छात्रसंघ अध्यक्ष कु. तब्बसुम एवं सचिव कु. आनंदिता विश्वास तथा ऋतु पाण्डेय ने भी बेहतर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेशमा लाकेश ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. शशि कश्यप ने किया।

Related Articles

Back to top button