रिसाली निगम अमले ने किया नेवईभाठा को कंटेनमेंट जोन में तब्दील

BHILAI :- रिसाली निगम क्षेत्रांतर्गत वार्ड नेवई भाठा में एक युवक का कोरोना संक्रमित रिपोर्ट पॉजिटिव आने से जिला प्रशासन द्वारा कंटेन्टमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही अपर कलेक्टर व निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे एवं जोन आयुक्त रमाकांत साहू ने निगम अमले के साथ उल्लेखित स्थल पर पहुंचकर पुरे क्षेत्र को कंटेन्टमेंट जोन में तब्दील कर दिये है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर कोरोना संक्रमित परिवार की सेम्पल प्राप्त कर रिपोर्ट भेज दी गई है। नेवई के संक्रमित क्षेत्र का निगम स्वास्थ्य अमला द्वारा शाम से ही युद्ध स्तर पर पूरे क्षेत्र का सैनेटाईजेशन किया गया व वृहद स्तर पर संक्रमित क्षेत्र की साफ सफाई के साथ साथ ब्लिचिंग एवं किटनाशक दवाई को छिडकाव किया जा रहा है। निगम के उडनदस्ता टीम द्वारा लोगों के आवाजाही व क्षेत्र के सभी दुकानों को भी को त्वरित बंद कराया गया। लोगों को घरों से निकलने मना किया गया है। जारी आदेश के अनुसार कंटेन्मेंट जोन में अतिआवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति तथा अपरिहार्य स्वास्थ्यगत आपत्कालीन परिस्थितियों को छोड़कर कंटेन्टमेंट जोन में आने जाने पर पूर्व प्रतिबंध लगा हुआ है। क्षेत्र के अंतर्गत सभी दुकाने आफिस व अन्य वाणिज्यक प्रतिष्ठान आगामी आदेश तक पूर्णत: बंद रहेंगे। वाहनों के आवागमन पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। घर पहुंच सेवा के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति उचित दरों पर किये जाने रिसाली निगम प्रयासरत है। संक्रमित क्षेत्र को सील कर पुलिस का सक्त पहेरा बैठाया गया है। देर रात तक अपर कलेक्टर व निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे व जोन आयुक्त श्री रमाकांत साहू मातहत अधिकारियों के साथ नेवई के संक्रमित क्षेत्र में डटे हुए थे रात में ही कंटेन्टमेंट जोन आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए निगम अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये है। उक्त हेतु रिसाली निगम के सहायक यंत्री बी.के. सिंह को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। रिसाली निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने संक्रमित क्षेत्र के लोगों के साथ साथ पूरे निगम क्षेत्र के रहवासियों से एहतियात बरतने की अपील की है।