उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर प्रत्येक माह की 25 तारीख को आयोजित हो रहा शिविर

रेंगाखार वनांचल में जनसमस्या निवारण शिविर से ग्रामीणों को मिल रही राहत
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर प्रत्येक माह की 25 तारीख को आयोजित हो रहा शिविर
कवर्धा, 26 नवंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के निर्देश पर रेंगाखार वनांचल क्षेत्र में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक माह की 25 तारीख को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 नवंबर को भी शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से कई समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि कुछ प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। विभागीय प्रक्रिया से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित कार्यवाही पूर्ण होने के बाद किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर वनांचल क्षेत्र रेंगाखार और तारेगांव जंगल में नियमित रूप से आयोजित हो रहे इन शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है। जनसमस्या निवारण शिविर वनांचल के ग्रामीणों और प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यालय की ओर से नरेन्द्र मानिकपुरी और ओमकार साहू समिल्लित होकर समस्याएं सुने और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए कहा। उक्त शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री राजकुमार मरावी, श्री गजानंद यादव, श्री मनीराम यादव, श्री पन्ना अग्रवाल, श्री धूप सिंह धुर्वे, श्री समलू यादव, श्री भरत पटेल ठाकरे, श्री गणेश दानदरे उपस्थित थे।


