स्वामित्व योजना के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित करने कहा

राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश
स्वामित्व योजना के शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित करने कहा
समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने और राजस्व अभिलेखों में सुधार के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
कवर्धा 26 नवंबर 2026। आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और उनके प्रकरणों का समय पर निराकरण हो, इसके लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राजस्व अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं, न्यायालयों में लंबित प्रकरणों और राजस्व अभिलेखों से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें और जिन मामलों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा प्रक्रियाओं की कमी है, उन्हें तत्काल दूर कर कार्रवाई आगे बढ़ाएं।
बैठक में कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य पूर्ण करें। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के साथ समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की न्यायालयवार समीक्षा करते हुए प्रत्येक मामले की प्रगति पर ध्यान देने और निर्धारित समय में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही मांग आवंटन, नक्शा सुधार एवं राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नगरीय निकायों में पट्टा वितरण के लिए आवश्यक सर्वे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों को चिह्नित कर उनकी अलग सूची तैयार की जाए और प्रत्येक शिकायत का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। शिकायतों के निराकरण में गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि राजस्व विभाग सीधे आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है। इसलिए नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख सुधार सहित अन्य राजस्व सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई करें। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध कार्यप्रणाली अपनाते हुए आम नागरिकों को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, श्री सागर सिंह राज सहित राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।



