रानी देहरा के जंगल मार्ग में फंसे भिलाई के पर्यटकों के लिए मददगार बनी कबीरधाम पुलिस, डायल 112 की चिल्फी पैंथर-01 टीम ने बच्चों सहित सभी 6 लोगों को सुरक्षित इस स्थान पर पहुंचाया।

रानी देहरा के जंगल मार्ग में फंसे भिलाई के पर्यटकों के लिए मददगार बनी कबीरधाम पुलिस, डायल 112 की चिल्फी पैंथर-01 टीम ने बच्चों सहित सभी 6 लोगों को सुरक्षित इस स्थान पर पहुंचाया।
कड़ाके की ठंड, जंगल का सुनसान रास्ता और मोबाइल नेटवर्क की समस्या के बीच परेशान पर्यटकों को मिला पुलिस का सहारा, तत्परता से पहुंचकर सभी को सुरक्षित निकाला।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों के साथ-साथ जिले में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है। इसी क्रम में दिनांक- 26.11.2026 को देखने को मिला, जब ग्राम रानी देहरा के जंगल मार्ग में वाहन खराब होने के कारण भिलाई से आए पर्यटक परेशानी में फंस गए। ठंड के मौसम में जंगल के सुनसान मार्ग पर वाहन खराब हो जाने तथा मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई। ऐसी परिस्थिति में डायल 112 की ERV चिल्फी पैंथर-01 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाकर राहत प्रदान की।
भिलाई-चरोदा निवासी गणपत निषाद अपने परिवार एवं अन्य सदस्यों के साथ ग्राम रानी देहरा घूमने आए थे। इसी दौरान जंगल मार्ग में उनका वाहन अचानक खराब हो गया। वाहन में बच्चों सहित लगभग 5-6 लोग मौजूद थे। जंगल के रास्ते में वाहन खराब हो जाने, ठंड का मौसम होने और मोबाइल नेटवर्क ठीक से काम नहीं करने के कारण सभी लोग काफी परेशान एवं घबराए हुए थे। ऐसी स्थिति में सहायता प्राप्त करना भी उनके लिए चुनौतीपूर्ण हो रहा था। सभी लोग पैदल ही वापस लौटने लगे।
इसी बीच डायल 112 के ERV चिल्फी पैंथर-01 को घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कॉलर से संपर्क स्थापित कर स्थिति की जानकारी ली तथा बिना विलंब किए जंगल मार्ग में फंसे पर्यटकों की सहायता के लिए रवाना हुई। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच पुलिस टीम ने जंगल मार्ग में पैदल वापस आ रहे सभी लोगों तक पहुंचकर उन्हें अपने ERV वाहन में सुरक्षित बैठाया और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
ठंड, सुनसान जंगल मार्ग और नेटवर्क की परेशानी के बीच बच्चों सहित सभी पर्यटकों को पुलिस टीम द्वारा समय पर सहायता उपलब्ध कराना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुआ। पुलिस की इस तत्परता, संवेदनशीलता एवं सहयोगात्मक कार्यशैली से अभिभूत पर्यटकों ने कबीरधाम पुलिस और डायल 112 की चिल्फी पैंथर-01 टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों एवं जिले में आने वाले पर्यटकों को आश्वस्त करती है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस सहायता के लिए सदैव तत्पर है। किसी भी संकट या परेशानी की स्थिति में डायल 112 पर सूचना दें। आपकी सुरक्षा और सहायता कबीरधाम पुलिस की प्राथमिकता है।


