छत्तीसगढ़

वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का किया भव्य शुभारंभ’

वन मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का किया भव्य शुभारंभ’

’बस्तर ओलंपिक में इस वर्ष 63 हजार युवाओं ने कराया पंजीयन, पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत की वृद्धि’

’युवा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें दृ केदार कश्यप’

’नारायणपुर, 04 नवंबर 2026//’  खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026 एवं जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन पूरे उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का विधिवत शुभारंभ किया। विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन 4 एवं 5 नवंबर को क्रीड़ा परिसर खेल मैदान में किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। खिलाड़ियों को जीतने पर बधाई देने के साथ-साथ हारने वाले खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाना चाहिए। इससे खिलाड़ियों के बीच आपसी सद्भाव, सहयोग और खेल भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और युवा उत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। जिला स्तरीय युवा उत्सव में नौ विधाओं तथा बस्तर ओलंपिक में 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। युवा इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी प्रतिभा के माध्यम से गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।

मंत्री श्री कश्यप ने बस्तर ओलंपिक के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह की सराहना करते हुए बताया कि इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में लगभग 63 हजार युवाओं ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 48 हजार थी। यह आंकड़ा दर्शाता है कि बस्तर अंचल के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और सहभागिता लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। सभी खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, एकता, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जिले में बस्तर ओलंपिक एवं युवा उत्सव के लिए युवाओं का पंजीयन पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 15 प्रतिशत अधिक हुआ है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव में विकसित भारत चौलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव रील चौलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉक बैंड सहित नौ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए सामान्य विधाओं में 15 से 29 वर्ष तथा संगीतकारों के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग निर्धारित किया गया है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।

पारंपरिक खेलों के साथ हुआ प्रतियोगिताओं का आगाज

आयोजन का शुभारंभ स्कूली छात्राओं के बीच पारंपरिक खेल रस्साकसी प्रतियोगिता से हुआ। छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ इसमें भाग लिया। इसके पश्चात 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी गति, क्षमता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

बस्तर ओलंपिक के पहले दिन विभिन्न गांवों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने एकता, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फुटबॉल, तीरंदाजी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

बस्तर ओलंपिक एवं युवा उत्सव का उद्देश्य जिले के युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन से ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, सरपंच छोटेडोंगर श्रीमती संध्या पवार, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी उसेंडी, नगर पालिका के पार्षदगण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री सुनील सोनपिपरे, डिप्टी कलेक्टर श्री डी.के. कोशले, श्री पोलेश्वर साहू, श्री महेंद्र सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र नाथ पांडेय, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button