वन्यप्राणी सप्ताह का तीसरा दिन: कानन पेंडारी के वन्यजीव सेवकों का विशेष सम्मान, जंगल तक फाउंडेशन ने जताया आभार।

वन्यप्राणी सप्ताह का तीसरा दिन: कानन पेंडारी के वन्यजीव सेवकों का विशेष सम्मान, जंगल तक फाउंडेशन ने जताया आभार।
छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट। 4 अक्टूबर 2026। वन्यप्राणी सप्ताह 2026 के अवसर पर कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन, बिलासपुर में जंगल तक फाउंडेशन के सहयोग से 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) श्रीमती प्रियंका पांडेय एवं संचालक कानन पेंडारी श्री गणेश यू.आर. के मार्गदर्शन में हो रहा है।
तीसरे दिन जंगल तक फाउंडेशन के स्वयंसेवकों द्वारा कानन पेंडारी में कार्यरत वन विभाग के कर्मचारियों, वन्यजीव कीपरों एवं जू के अन्य कर्मियों के लिए विशेष सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वन्यजीवों की देखभाल केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि निरंतर संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण की मांग करने वाली सेवा है। भोजन, स्वास्थ्य, व्यवहार और दैनिक रखरखाव तक पूरी प्रक्रिया में बरती जाने वाली सावधानी के बारे में बताया गया।
पहले दिन जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक के छात्रों ने जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए थे, तो दूसरे दिन जवाहर नवोदय विद्यालय सक्ती के छात्रों द्वारा निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही प्रतिदिन विभिन्न एनक्लोजर के सामने आगंतुकों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जंगल तक फाउंडेशन के संस्थापक श्री रोशन खामारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि — “वन्यजीवों की देखभाल, सुरक्षा और संरक्षण के लिए वे जिस समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।”
कार्यक्रम में रेंजर श्रीमती सुखबाई कंवर, डिप्टी रेंजर श्री संतोष कुमार कांत सहित जंगल तक के स्वयंसेवक शुभम टंडन, अथर्व तिवारी, ऋषि मधेसिया, अक्षिका तिवारी, प्रिया शुक्ला एवं शिखा शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यह संयुक्त पहल 8 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
संदेश: “वन्यजीवों की सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।”_
जारीकर्ता : जंगल तक फाउंडेशन एवं कानन पेंडारी प्रबंधन



