PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर संजय राउत बोले, ‘…बहुत बड़ी उपलब्धि है

PM के 76वें जन्मदिन पर शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का बर्थ डे है. उनके 75 साल पूरे हो गए हैं तो लगता है रिटायरमेंट का समय आ गया है. देश में एक नियम बनना चाहिए कि प्रधानमंत्री हों या राष्ट्रपति हों, कब देश का नेतृत्व करेंगे.
देश को एक होनहार और जवान नेता की जरूरत- संजय राउत
उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने आगे कहा, ”75 साल ये बहुत बड़ी उपलब्धि है. देश को एक होनहार और जवान नेता की जरूरत है. जो विश्व के बारे में, देश के बारे में और युवाओं के बारे में सोचे.”
PM गुजरात में बैठे हैं, उन्हें दिल्ली में बैठना चाहिए था- राउत
इसके आगे उन्होंने कहा, “देश के प्रधानमंत्री गुजरात में बैठे हैं. दिल्ली में बैठना चाहिए था. प्रधानमंत्री का जब बर्थ डे होता है तो देश की राजधानी में उन्हें बैठना चाहिए था. लोग आकर मिलेंगे आएंगे और आशीर्वाद देंगे लेकिन वो गांव में बैठे हैं. उनका देश गुजरात है. उनके दिमाग में आज भी मेरा देश भारत नहीं, मेरा देश गुजरात है. अब उनकी पार्टी के लोग महाराष्ट्र से गुजरात चले गए हैं. इसमें भी हैं. शायद आज वो बीजेपी में प्रवेश भी कर जाएं.”
दिशा सालियान मामले पर भी दी प्रतिक्रिया
वहीं दिशा सालियान मामले पर उन्होंने कहा कि ठाकरे परिवार को बदनाम करने की कोशिश है. उन्होंने कहा, “देश के वो पॉलिटिकल परिवार जिसने देश और समाज के लिए काम किया है, जिसमें ठाकरे परिवार, पवार परिवार, ममता बनर्जी का परिवार, डीएमके का परिवार, नवीन पटनायक जी का परिवार है, सभी को बदनाम करना है. जो बीजेपी के खिलाफ या तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाएगा, उस पर कीचड़ फेंकने का खेल चल रहा है.”
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “आदित्य ठाकर ने कल अपनी बात साफ तौर पर रखी कि दिशा सालियान से न कभी मिले और न ही कोई संबंध था. फिर भी कुछ लोग आदित्य ठाकरे, ठाकरे परिवार और पार्टी को बदनाम कर रहे हैं. फिर भी हम लोग लड़ने के लिए तैयार हैं. आदित्य अकेले नहीं हैं. हम सब उनके साथ हैं.”




